चाईबासा:अलाव तापते समय नवविवाहिता की साड़ी में लगी आग,झुलसने से महिला की मौत; पांच माह पहले ही हुई थी शादी

 

चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के खूंटपानी प्रखंड अंतर्गत पांड्राशाली गांव में गुरुवार को एक महिला सुनीता पूर्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह ठंड से बचने के लिए अलाव ताप रही थी, तभी अचानक उसकी साड़ी में आग लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई थी।ग्रामीणों के अनुसार, सुनीता की शादी को अभी केवल पांच महीने हुए थे। घटना के समय उसके पति विक्रम पूर्ति के परिवार में एक बुजुर्ग का निधन हुआ था, जिसके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए परिवार के अधिकतर सदस्य कब्रिस्तान गए हुए थे। सुनीता घर पर दो अन्य महिलाओं के साथ अलाव ताप रही थी।अलाव तापते समय अचानक सुनीता की साड़ी में आग लग गई। आग लगते ही वह घबरा गई और इधर-उधर दौड़ने लगी, जिससे आग और तेजी से फैल गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वह बुरी तरह झुलस चुकी थी।घटना के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण सुनीता को इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा लेकर पहुंचे। चिकित्सकों के अनुसार, वह करीब 70 से 80 प्रतिशत तक झुलस चुकी थी। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया।परिजनों ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे सुनीता को जमशेदपुर ले जाने में असमर्थ थे। उसका इलाज सदर अस्पताल चाईबासा में ही कराया गया। तमाम प्रयासों के बावजूद गुरुवार तड़के इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

error: Content is protected !!