तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरायी, एक युवक की मौत,एक घायल..
खूंटी।झारखण्ड के खूंटी जिले में कर्रा थाना क्षेत्र के कच्चाबारी पतरा टोली के समीप शुक्रवार शाम को हुए सड़क दुर्घटना में खूंटी के एक युवक की मौत हो गई,जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।मृतक की पहचान खूंटी हीतूटोला निवासी 28 वर्षीय शनि कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक खूंटी शांतिनगर निवासी 37 वर्षीय अमर स्वांसी है, जिसे गंभीर हालत में रिम्स रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार शनि कुमार अपने ससुराल राँची मेसरा के कदल से अपने दोस्त अमर स्वांसी के साथ कार से खूंटी लौट रहा था। करीब शाम पांच बजे जैसे ही वे कच्चाबारी पतरा टोली के पास पहुंचे, तभी उनकी कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शनि कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमर स्वांसी को गंभीर चोटें आईं।
इधर सूचना मिलते ही कर्रा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों को कर्रा सीएचसी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने शनि कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि अमर को प्राथमिक उपचार के बाद राँची रिम्स रेफर कर दिया गया। घटना की खबर मिलते ही मृतक शनि कुमार के परिजन सीएचसी कर्रा पहुंचे, जहां रोते-बिलखते परिजनों का बुरा हाल था। शनि की दादी ने बताया कि शाम चार बजे उनकी शनि से फोन पर बात हुई थी, इसके कुछ देर बाद दुर्घटना की खबर मिली। शनि की मौत से इलाके में शोक की लहर है। लोग शोकाकुल परिवार को ढांढ़स बंधाने उनके घर पहुंच रहे हैं।

