राँची में कार-बाइक टक्कर विवाद :दोनों पक्षों की अलग-अलग एफआईआर…जान से मारने की कोशिश से लेकर रंगदारी मांगने की लगी धाराएं…पुलिस की जांच तेज…
राँची।राजधानी राँची के डोरंडा इलाके में मंगलवार को एक कार व बाइक में टक्कर के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि पहले तो कई घन्टे तक हाइ वोल्टेज ड्रामा चला उसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जान से मारने की कोशिश, मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाते हुए डोरंडा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना को लेकर डोरंडा थाना में अलग-अलग दर्ज प्राथमिकी की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बाइक सवार की प्राथमिकी में जान बूझ कर कुचलने की कोशिश का आरोप
बाइक सवार मवाज खान (24) ने आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है कि वे अपने छोटे भाई को परीक्षा केंद्र छोड़कर लौट रहे थे, तभी राजेन्द्र चौक के पास काले रंग की कार (जेएच01एफडब्ल्यू 0020) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। शिकायत के अनुसार, कार चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज रफ्तार में भागने लगा। विरोध करने पर वादी कार के बोनट पर फंस गए और चालक ने उन्हें कुचलने की धमकी दी। आरोप है कि कार चालक वकील मनोज टंडन उन्हें युवराज होटल के पास स्थित वसुंधरा अपार्टमेंट ले गया, जहां पहले से मौजूद 5–6 लोगों ने उनकी पिटाई कर दी। उनका कहना है कि मौके पर जुटे लोगों और पुलिस की मदद से उनकी जान बची। इस मामले में बीएनएस की गंभीर धाराओं 281, 324(2), 125(बी), 115(2), 117(2), 126(2), 351(2), 302, 351(3), 3(5) में अधिवक्ता मनोज टंडन व अन्य अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है।
अधिवक्ता ने लगाया रंगदारी और भीड़ द्वारा हमले का आरोप
दूसरी ओर,अधिवक्ता मनोज टंडन ने अलग प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोपी मवाज खान, अरमान खान व अन्य के विरुद्ध बीएनएस की धारा 281, 115(2), 126(2), 324(2), 192, 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज हुई है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार वे अपने वाहन से अदालत जा रहे थे, तभी एक बाइक सवार ने लापरवाही से टक्कर मारकर उनसे पैसे की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि बाइक सवार बोनट पर चढ़ गया और लोगों को उकसाकर उनके वाहन को घेर लिया। जान के खतरे की आशंका में वे किसी तरह अपने घर पहुंचे, जहां पीछा कर पहुंची भीड़ ने उनके साथ मारपीट की और एक क्लाइंट का दिया हुआ रुपए भी छीन लिया। इस मामले में वादी ने मवाज खान और उनके पिता समेत 20–25 अज्ञात लोगों पर हमला व घेराबंदी का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।इधर मामला दर्ज होते ही बुधवार को डोरंडा पुलिस ने घटना स्थल (राजेंद्र चौक के पास) का निरीक्षण किया और वहां तैनात यातायात पुलिस और अन्य लोगों से घटना की जानकारियां ली।आगे की जांच और कारवाई जारी है।
बता दें मंगलवार को घटना के बाद डोरंडा थाना में दोनों पक्षों की ओर से हाई वोल्टेज ड्रामा चला।उसके बाद एक पक्ष बाइक सवार की ओर से कहा मीडिया में बयान दिया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया।वहीं एक पुलिस अधिकारी ने भी मीडिया में बयान दिया कि दोनो पक्षो ने समझौता कर लिया है।

