सरायकेला:घर से बुलाया फिर युवक पर गोलियों की बौछार, गैंगवार में हत्या की आशंका…पुलिस जांच में जुटी है…

सरायकेला।झारखण्ड के सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की गोलीमार कर हत्या कर दी गई।बाइक सवार तीन बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया है।घटना कल्पनापुरी स्थित पहाड़ी के पास बुधवार रात 8:40 बजे की है।मृतक की पहचान विवेक सिंह के रूप में हुई है।वह एक फाइनेंस कंपनी में वाहन मिस्त्री का काम करता था। साथ ही वह स्क्रैप डीलर विक्की नंदी का करीबी भी बताया जा रहा है।स्थानीय लोगों के अनुसार तीनों अज्ञात बदमाशों ने मृतक को घर से बुलाया। जिसके बाद विवेक अपने घर से स्कूटी से निकला।इसी क्रम में तीनों बदमाशों ने उसे घेर लिया।इससे पहले कि विवेक कुछ समझ पाता, बदमाशों ने विवेक पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें विवेक को तीन गोलियां लगीं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी, गम्हरिया थाना प्रभारी और आरआईटी थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस घटना की जांच कर रही है।बताया जा रहा है कि यह घटना विक्की नंदी और सागर लोहार-कार्तिक मुंडा के बीच गैंगवार का नतीजा है। कुछ दिन पहले हुई सागर लोहार के करीबी भोलू कर्मकार की हत्या के प्रतिशोध में विवेक की हत्या की गई है।हत्या के बाद लोग आक्रोशित हो गए, लोगों ने शव के साथ देर रात तक प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया।बता दें कि कल्पनापुरी का यह इलाका ब्राउन शुगर के धंधे के लिए कुख्यात है।एक साल पहले भी यहां एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

बताया जाता है कि आदित्यपुर के कल्पनापुरी में जब यह घटना हुई, उस समय सरायकेला के पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो आदित्यपुर थाने में मौजूद थे।एसपी पुलिसकर्मियों की क्लास ले रहे थे।इसी बीच यह बड़ी घटना हो गई। कल्पनापुरी के लोग सालों से टीओपी की मांग कर रहे हैं। जिस जगह पर यह घटना हुई, वह संवेदनशील इलाका है।

भाजपा नेता रंजीत शांडिल्य ने बताया कि पिछले 10 सालों से यहां के लोग इस जगह पर टीओपी स्थापित करने की मांग कर रहे है। एक साल पहले भी इसी जगह पर हत्या की घटना हो चुकी है।इसी जगह पर ब्राउन शुगर की खरीद-फरोख्त होती है। इस इलाके में चोरी की घटनाएं भी आम हो गई हैं।इन सभी घटनाओं को देखते हुए वे थाना पर धरना देंगे।वहीं पुलिस ने रात में शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।आज शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

मृतक मां-बाप का इकलौता बेटा था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।उधर, घटना के बाद कालोनी के लोगों में आक्रोश है। लोगों ने एसपी को मौके पर बुलाने की मांग की है। एसपी के आने के बाद ही शव को उठाने की बात कहते रहे।