बीएसएफ जवान की पत्नी की करंट से मौत,6 महीने पहले हुई थी शादी, किचन की सफाई के दौरान बिजली के तार को पकड़ा…

 

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र के बीरने गांव में 22 साल के नवविवाहिता की करंट लगने से मौत हो गई। मृतका की पहचान बीएसएफ जवान बिनोद यादव की पत्नी सुधा देवी के रूप में हुई है। सुधा की शादी बिनोद से 6 महीने पहले ही हुई थी। घटना सुबह के समय की है।बताया गया कि सुधा देवी अपने किचन में साफ-सफाई कर रही थी। इसी दौरान दाहिने हाथ में सफाई का कपड़ा पकड़े हुए किचन में झूल रहे एक बिजली तार को बाएं हाथ से हटाने का प्रयास किया। इसी दौरान वह उसकी चपेट में आ गई। वहीं घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना के समय परिवार के अन्य लोग किचन से सटे दूसरे कमरे में थे। घटना के बाद परिजन उसे गावां अस्पताल लेकर आए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से पूरा गांव गमगीन हो गया है।पति बिनोद कुमार, माँ-चाची सहित अन्य लोग रह रहकर बेहोश हो जा रहे हैं।

परिजनों की ओर से बताया गया कि सभी लोग बिहार के जमुई जिला अंतर्गत बटिया जंगल के झुमराज स्थान जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान यह हादसा घर मे हो गया। अब परिजन मृतका के अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए हैं।

जानकारी के अनुसार सुधा की शादी 6 महीने पहले ही हुई थी। वह पिछले कुछ दिनों से मायके में थी। पति छुट्टी में घर आया था। जिसके बाद सुधा होली के बाद मायके से अपने ससुराल आयी थी। एक-दो दिनों में पति ड्यूटी में चला जाता इसलिए कल दोनों पति-पत्नी ने मिलकर पकवान भी बनाया था। इधर अचानक इस तरह की घटना हो जाने से परिवार के लोग मर्माहत हैं। हर किसी की आंखें नम हो गई हैं।

सूचना मिलते ही गावां थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी ली। थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि अभी तक परिजनों की तरफ से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से परिवार में मातम छाया हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

error: Content is protected !!