Ranchi:बुढ़मू में ईंट भट्ठा मजदूर का अपहरण, 10 लाख रंगदारी की मांग

–नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने दो मजदूरों को जंगल ले जाकर एक को बनाया बंधक, मालिक को धमकी

राँची।जिले के बुढ़मू थाना क्षेत्र में ईंट-भट्ठा पर काम करने वाले मजदूरों को हथियार के बल पर अगवा कर 10 लाख रुपये रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। इस मामले में बुढ़मू पुलिस ने दो अज्ञात नकाबपोश हथियारबंद अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार बिहार के गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के कदिलपुर, कुरकीहार निवासी राहुल मांझी (21) ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह इन दिनों बुढ़मू के कोटारी गांव स्थित अमजद अंसारी के चिमनी भट्ठा में पथेरा के रूप में काम करता है। राहुल के मुताबिक 6 मार्च की रात करीब आठ बजे खाना खाने के बाद वह अपने साथी पंचू मांझी के साथ झोपड़ी में सो गया था। इसी दौरान रात करीब 12 बजे दो नकाबपोश हथियारबंद बदमाश झोपड़ी का दरवाजा खोलकर अंदर घुस आए और भट्ठा के मैनेजर के बारे में पूछताछ करने लगे।

बदमाशों ने राहुल का मोबाइल छीन लिया और दोनों मजदूरों को जबरन जंगल की ओर ले गए। वहां पंचू मांझी को बंधक बनाकर बैठा दिया और राहुल को भट्ठा मालिक के पास भेजते हुए 10 लाख रुपये रंगदारी देने की धमकी दी। अपराधियों ने कहा कि पैसा नहीं देने पर सभी पथेरा मजदूरों को भट्ठा छोड़ना पड़ेगा। इसके बाद बदमाशों ने राहुल के मोबाइल का सिम निकाल लिया और उसे वापस भेज दिया। डरे हुए राहुल ने रात में किसी को घटना की जानकारी नहीं दी। बाद में सुबह करीब 2:30 बजे भट्ठा मालिक के आने पर उसने पूरी घटना बताई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

error: Content is protected !!