बोकारो का कुख्यात चोर पुलिस के हत्थे चढ़ा…चोरी का लैपटॉप, पायल और औजार बरामद…
बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले के बोकारो सिटी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक कुख्यात चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने बोकारो सिटी थाना में बताया कि 5 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह को गुप्त सूचना मिली थी।सूचना के अनुसार, बोकारो का कुख्यात चोर बबलू राम उर्फ भाटिया शहर में किसी बड़ी चोरी की घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था।इस सूचना की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक आलोक रंजन के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बोकारो शहर में कोर्ट परिसर के बाहर घूम रहे संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान बबलू राम उर्फ भाटिया के रूप में हुई।
गिरफ्तार चोर ने बोकारो शहर में हुई कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान भी बरामद किया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान 30 वर्षीय बबलू राम उर्फ भाटिया के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय राजू राम का पुत्र और कथारा बाजार सब्जी मंडी डोमपाड़ा, थाना बीटीपीएस, जिला बोकारो का निवासी है।
पुलिस ने उसके पास से एक लेनोवो कंपनी का लैपटॉप, लैपटॉप चार्जर, चांदी की पायल के 9 जोड़े (लगभग एक किलोग्राम वजन) और ताला-अलमारी तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले लोहे के औजार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, बबलू राम एक शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ बोकारो सहित विभिन्न थानों में चोरी और लूट से संबंधित कई मामले दर्ज हैं। चंद्रपुरा, बीएस सिटी, दुग्दा, बीटीपीएस और पिंडराजोरा थानों में भी उसके खिलाफ पूर्व में कई गंभीर मामले दर्ज किए गए हैं। हाल के वर्षों में भी उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज हुए हैं।
पुलिस ने अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से शहर में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

