बोकारो पुलिस को मिली सफलता, लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले 6 साइबर अपराधी गिरफ्तार
बोकारो।झारखण्ड के बोकारो पुलिस ने 6 साइबर ठगों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है जिसमें साइबर ठग गिरोह का सरगना प्रिंस कुमार भी शामिल है।दरअसल, प्रतिबिंब ऐप से जानकारी मिलने के बाद एसपी द्वारा अपराधियों को पकड़ने के लिए एक टीम गठित की गई थी।जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।पुलिस के मुताबिक, सरगना प्रिंस कुमार के खिलाफ बिहार के विभिन्न थानों में चार अलग अलग मामले दर्ज हैं।पुलिस ने जमशेदपुर से मिथिलेश कुमार झा, शेखपुरा से रोहित आर्य, नवादा से टिंकू कुमार, विकास रविदास और नालंदा से गुड्डू कुमार को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने इनके पास से 13 एंड्रॉयड और कीपैड मोबाइल, 20 हजार नकद, विभिन्न कंपनियों के सिम, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और ठगी का हिसाब रखने वाली एक किताब बरामद की है।
एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि यह सफलता प्रतिबिंब ऐप के माध्यम से मिली है। यह गिरोह लोन दिलाने और म्यूचुअल फंड में जल्दी पैसे दोगुना करने के नाम पर लोगों को ठगने का काम करता था।इन लोगों का और भी नेटवर्क है, जिसकी जांच की जा रही है।
एसपी ने बताया कि ये लोग सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों के नंबर इकट्ठा करते थे।उसके बाद उन्हीं लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। इस मामले में नगद, मोबाइल समेत सिम कार्ड और आधार कार्डों को जब्त किया गया है कई अपराधी ऐसे हैं, जिनका संबंध बिहार से है। बैंककर्मियों के साथ मिलीभगत की भी जांच की जाएगी।

