बोकारो पुलिस ने तनिष्क ज्वेलर्स में लूट के प्रयास मामले में दो अपराधी को बेगूसराय से किया गिरफ्तार,हथियार और मोबाइल बरामद

 

बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले में सिटी सेंटर स्थित तनिष्क ज्वेलर्स शोरूम में 11 जनवरी 2026 को हुई लूट के प्रयास की घटना में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने इस मामले में दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में सेक्टर-4 थाना में 12 जनवरी 2026 को अज्ञात अपराधियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक नगर के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास के साक्ष्यों को खंगालते हुए आरोपियों की पहचान की और 2 फरवरी 2026 को बेगूसराय, बिहार से दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। इसके बाद उन्हें पूछताछ के लिए बोकारो लाया गया।

बोकारो लाकर की गई सघन पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने तनिष्क ज्वेलर्स शोरूम में लूट के प्रयास में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक देशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, एक पिठूबैग और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, ये सामान वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले थे।

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान प्रिंस कुमार (20 वर्ष), पिता बिरजू महतो और मो. समशाद (24 वर्ष), पिता मो. मुख्तार के रूप में हुई है। दोनों आरोपी बिहार के बेगूसराय जिले के चेरियाबरियारपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी प्रिंस कुमार के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं। वहीं, दूसरे आरोपी मो. समशाद के विरुद्ध सिलीगुड़ी थाना में भी एक आपराधिक मामला दर्ज है। इससे यह स्पष्ट होता है कि दोनों अपराधी पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहे हैं।

एसपी ने कहा कि बोकारो पुलिस जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है और संगठित अपराधियों के खिलाफ सख्ती बरती जा रही है। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते अपराधियों को पकड़ा जा सके।

error: Content is protected !!