बोकारो: रहस्यमय तरीके से लापता हुई महिला मुखिया,इलाके में हड़कंप,पुलिस जांच में जुटी…

 

बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पलीहारी गुरुडीह पंचायत की मुखिया सपना कुमारी दो अक्टूबर की दोपहर से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। परिवारवालों के अनुसार, वे किसी निजी कार्य से घर से निकली थीं,लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं।देर रात तक खोजबीन और रिश्तेदारों से पूछताछ के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिलने पर उनके पति ने गोमिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

बता दें कि सपना कुमारी वर्ष 2022 के पंचायत चुनाव में पहली बार राजनीति में उतरीं और रिकॉर्ड मतों से जीतकर प्रखंड की सबसे कम उम्र की मुखिया बनीं।उन्होंने अपने शुरुआती कार्यकाल में विकास योजनाओं और पंचायत की सक्रिय भागीदारी से लोगों का विश्वास जीता, लेकिन समय बीतने के साथ उनकी राजनीतिक सक्रियता में गिरावट देखने को मिली।इसके बावजूद वह गांव की चर्चित हस्ती बनी रहीं।

विजयादशमी के दौरान मुखिया के अचानक लापता होने की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।कुछ लोग इसे सामान्य घटना मान रहे हैं तो कुछ इसे किसी गहरी साजिश से जोड़कर देख रहे हैं।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस संबंध में गोमिया थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि मुखिया के परिजनों द्वारा आवेदन दिया गया है, जिसमें बताया गया है कि 2 तारीख को बिना कुछ बताए घर से सपना देवी गई हैं। हम लोगों ने काफी खोजबीन भी की।उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा है।पुलिस का कहना है आसपास के क्षेत्रों और संभावित ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि अब तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।परिजनों और ग्रामीणों को उम्मीद है कि सपना कुमारी सुरक्षित लौटेंगी।

error: Content is protected !!