गुमला:तेज रफ्तार में बाइक पेड़ से टकराई, सिमडेगा के रहने वाले युवक की मौत, दूसरा घायल
गुमला।झारखण्ड के गुमला जिले के पालकोट प्रखंड में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। करंज मोड़ के पास अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई, जिसमें सिमडेगा निवासी एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों सवार उछलकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल रहा। आसपास के ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त युवकों को सड़क पर तड़पते देखा तो तत्काल मदद के लिए आगे आए।
स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को पालकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए एम्बुलेंस से सदर अस्पताल, गुमला रेफर कर दिया। सदर अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक गणेश राम ने बाइक चालक संदीप केरकेट्टा (32 वर्ष), पिता रंजीत केरकेट्टा, निवासी सिमडेगा को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, दूसरा बाइक सवार अमेजिन केरकेट्टा (25 वर्ष) गंभीर रूप से घायल है और बेहोशी की हालत में उसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार घायल की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उसे लगातार निगरानी में रखा गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवक गुमला की ओर से एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर सिमडेगा लौट रहे थे। हादसे के समय दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे चोटें जानलेवा साबित हुईं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर गुरुवार को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठा रहे हैं।

