बोकारो:ऑनलाइन गेमिंग के चक्कर में युवक बने बाइक चोर,पुलिस ने गिरोह के सरगना सहित पांच को किया गिरफ्तार…
बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले में बाइक चोर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।रविवार को जिले के दुग्दा थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि जिले में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा था।इस अभियान के दौरान पुलिस ने गिरोह के सरगना आकाश यादव सहित तीन युवकों और दो नाबालिगों को पकड़कर कर सात चोरी की बाइक बरामद की।
एसपी ने जानकारी दी कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) वशिष्ठ नारायण सिंह और प्रोन्नत डीएसपी नवल किशोर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। 16 अगस्त को टीम रटारी स्थित महावीर चौक पर वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान चंद्रपुरा की ओर से ग्रे रंग की बाइक पर दो युवक आते दिखे। पुलिस टीम को देखते ही वे घबराकर वापस लौटने लगे। शक होने पर पुलिस ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में युवकों ने बताया कि बाइक चोरी की है और उसे बेचने धनबाद ले जा रहे थे। बाद में उनकी निशानदेही पर चंद्रपुरा, दुग्दा और धनबाद से सात अन्य बाइकें बरामद की गईं।पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को तेनुघाट जेल भेज दिया। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश यादव (27 वर्ष), स्टेशन रोड, चंद्रपुरा, सागर कुमार तुरी, आगरडीह, थाना दुग्दा और सुमित कुमार (20 वर्ष), डुमरा (राजाबाड़ी), थाना बाघमारा के रूप में हुई है। इनके अलावा दो नाबालिग भी इस गिरोह से जुड़े पाए गए हैं।
एसपी ने बताया कि गिरोह का सरगना आकाश यादव पहले से ही चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के पांच अलग-अलग आपराधिक मामलों में आरोपी है। उसने नाबालिग बच्चों को ऑनलाइन गेमिंग और नशे की लत लगाकर चोरी में शामिल किया।
ऑनलाइन गेम खेलने और नशे की आदत पूरी करने के लिए वे लगातार बाइक चोरी करते रहे। छापामारी दल में पुलिस उपाधीक्षक सह पुलिस निरीक्षक नवल किशोर सिंह, दुग्दा थाना प्रभारी मनीष कुमार, चंद्रपुरा थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह, बोकारो झरिया ओपी प्रभारी श्रीनीवास सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक लक्ष्मण चौधरी, नरेश मरांडी, सहायक अवर निरीक्षक मुनेन्द्र उरांव, हवलदार शशि भूषण, हवलदार अश्शेवर प्रसाद यादव, आरक्षी विजय कुमार शर्मा, सुधीर कुमार, अमन कुमार पांडेय, राजु महतो, रोहित कुमार साह और मुस्ताक अंसारी शामिल थे।
एसपी हरविंदर सिंह ने कहा कि पुलिस की यह कार्रवाई अपराधियों के मनोबल को तोड़ने वाली है। जिले में अपराध पर रोकथाम के लिए विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

