बिहार एसटीएफ का गिरिडीह में छापा,नक्सली कांड के दो आरोपी गिरफ्तार
गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले में नक्सली कांड के दो आरोपियों की गिरफ्तारी बिहार एसटीएफ ने की है।पुलिस के मुताबिक जिनकी गिरफ्तारी हुई है उनमें पहला आरोपी जमुई जिला के चरकापत्थर थाना क्षेत्र के चिलकाखार गांव निवासी दरोगी यादव का पुत्र पंकज यादव शामिल है और दूसरा कोडरमा जिला अंतर्गत सतगांवा थाना क्षेत्र के तांतीभागलपुर गांव निवासी सुदामा सिंह का पुत्र पवन सिंह शामिल है।दोनों को बेंगाबाद थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है।
यह सफलता पटना एसटीएफ और बेंगाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मिली है। बताया गया कि दोनों अभियुक्तों के बेंगाबाद थाना इलाके में रहने की सूचना बिहार के पटना एसटीएफ को मिली थी। इस सूचना पर पटना एसटीएफ की टीम गिरिडीह पहुंची।मामले की जानकारी एसपी डॉ. बिमल कुमार को दी गई।एसपी में सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव को निर्देश दिया कि बिहार पुलिस को सहयोग दिया जाए। इसके बाद बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में बिहार पटना से आई एसटीएफ की टीम ने संयुक्त रूप से छापा मार कर बेंगाबाद थाना क्षेत्र से दोनों को गिरफ्तार किया। बाद ने दोनों को अपने साथ बिहार ले गई।बताया जाता है कि दोनों से पूछताछ के बाद कई स्थानों पर छापेमारी की गई है।
पुलिस ने बताया कि दोनों के खिलाफ बिहार के जमुई जिले के चरकापत्थर थाना कांड संख्या 143/ 25 दर्ज है।यह कांड नक्सली घटना से जुड़ा हुआ है। बिहार पुलिस के मुताबिक दोनों नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के सक्रिय सदस्य हैं।पुलिस ने यह भी बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध बिहार के जमुई, चकाई, चरकापत्थर और चंद्रदीप थाना के अलावा झारखण्ड के गिरिडीह जिला के तिसरी ब्लॉक और कोडरमा जिला के सतगांवा थाना में नक्सली गतिविधि के तहत मामला दर्ज है। उक्त दोनों नक्सली चरकापत्थर थाना क्षेत्र में जेल से बेल पर बाहर निकले नक्सली लखन यादव को गोली मार कर फरार थे।
बताया गया कि बिहार पुलिस और एसटीएफ की टीम फरार दोनों आरोपियों को खोज रही थीं पुलिस के भय से दोनों बेंगाबाद थाना क्षेत्र के गोलगो पंचायत अंतर्गत मंझलाटोल गांव में शरण लिए हुए थे।सूचना के आधार पर एसटीएफ पटना की टीम इंस्पेक्टर अयोध्या प्रसाद के नेतृत्व में बेंगाबाद थाना पहुंची और बेंगाबाद पुलिस के सहयोग से मंझलाटोल गांव का घेराबंदी कर दोनों नक्सली सदस्यों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की।
एसडीपीओ ने बताया कि बिहार एसटीएफ की टीम गिरिडीह आयी थी।बेंगाबाद थाना के सहयोग से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।जिनके खिलाफ नक्सली कांड दर्ज होने की बात बिहार पुलिस ने बतायी है।दोनों आरोपियों को बिहार पुलिस अपने साथ में ले गई है।

