अंचल कार्यालय का बड़ा बाबू 5500 रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार…पलामू एसीबी ने की कार्रवाई…

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एसीबी ने गुरुवार को चैनपुर अंचल कार्यालय के बड़ा बाबू विनोद कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सुबह कार्यालय खुलने के कुछ देर बाद ही एसीबी की विशेष टीम ने यह छापा मारा, जिससे पूरे अंचल कार्यालय परिसर में अफरातफरी की स्थिति बन गई। अधिकारियों के अनुसार, बड़ा बाबू विनोद कुमार दस्तावेज की नकल निकालने के नाम पर 5500 रुपए की अवैध वसूली कर रहे थे।

एसीबी को एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि बड़ा बाबू दस्तावेज उपलब्ध कराने के एवज में रिश्वत मांग रहे हैं। टीम ने पहले शिकायत की जांच की और पाया कि आरोप सही हैं। सत्यापन के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप ऑपरेशन तैयार किया। गुरुवार को जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 5500 रुपए लिए, एसीबी टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें वहीं दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद कार्यालय के कर्मचारियों में भी खलबली मच गई और लोग घटना को लेकर चर्चा करते रहे।

गिरफ्तारी के तुरंत बाद एसीबी टीम ने चैनपुर अंचल कार्यालय में तलाशी अभियान चलाकर कई संबंधित दस्तावेज जब्त किए। अधिकारियों का कहना है कि रिश्वत से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। इसके बाद आरोपी विनोद कुमार को उनके सिंगरा स्थित आवास पर ले जाया गया, जहां टीम ने विस्तृत तलाशी ली। घर से मिले कागजात और सामान को भी जांच के दायरे में रखा गया है।

छापेमारी के बाद बड़े बाबू को एसीबी कार्यालय ले जाया जाएगा, जहां उनसे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। इसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। एसीबी अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और सरकारी कार्यों में देरी या सुविधा शुल्क मांगने वाले अधिकारियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

error: Content is protected !!