बेवफा पति ने चलती ट्रेन से पत्नी को दिया धक्का,घायल अवस्था में रेलकर्मी ने अस्पताल में कराया भर्ती.… एक वर्ष पूर्व किया था प्रेम विवाह
रामगढ़। बेवफा पति ने अपनी पत्नी को ट्रेन से धक्का दे दिया। एक साल पूर्व दोनों ने प्रेम विवाह किया था। सब कुछ ठीक ठाक चल रहा था। लेकिन पति के दिमाग में न जाने क्या चल रहा था। वह अपनी पत्नी खुशबू को फुसलाकर ट्रेन से कहीं ले जा रहा था। रास्ते में उसने पत्नी को धक्का दे दिया। जानकारी के अनुसार, झारखण्ड के रामगढ़ जिले के पतरातू प्रखंड के किरीगड़ा गांव के रेलवे लाइन के समीप नाले में गुरुवार प्रातः एक महिला घायल अवस्था में मिली। महिला की पहचान यूपी के देवरिया गौड़ा चौरा निवासी खुशबू कुमारी पति शंकर कुमार के रूप में की गई है। वह घटना के बारे में अभी बहुत कुछ बता नहीं पा रही है। बुधवार की रात्रि किरीगढ़ा गांव के रेलवे लाइन के समीप पोल संख्या 124/2- 124/4 के बीच संख्या नाले के पास महिला खुशबू कुमारी को उसके पति शंकर ने धक्का देकर गिरा दिया था।
घायल अवस्था में छटपटा रही खुशबू पर रेलकर्मी आकाश पासवान की नजर पड़ी। उसने सुबह मानवता का परिचय देते हुए तत्काल आरपीएफ को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से 108 एंबुलेंस बुलाकर खुशबू कुमारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतरातू लाया गया।यहां प्राथमिक इलाज करने के बाद खुशबू को रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया गया। घायल खुशबू ने बताया कि उसके पति शंकर कुमार ने बनारस बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन से धक्का देकर गिरा दिया है। खुशबू ने एक साल पहले शंकर से प्रेम विवाह किया था। शंकर कुमार यूपी के गोरखपुर का निवासी है। आरपीएफ सब इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने इंस्टाग्राम के माध्यम से खुशबू के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।

