धनबाद में बीसीसीएल वाशरी की 100 फीट ऊंचा साइलो प्लांट धराशायी, रेस्क्यू अभियान जारी
धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले में बीसीसीएल ब्लॉक 2 क्षेत्र के न्यू मधुबन बीसीसीएल वाशरी में देर एक बड़ा हादसा हुआ। करीब 100 फीट ऊंचा साइलो प्लांट अचानक जोरदार आवाज के साथ ढह गया। गनीमत रही कि यह हादसा रात में हुआ, वरना बड़ा जानमाल का नुकसान हो सकता था। घटना देर रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात होने के कारण मौके पर कम कर्मी मौजूद थे। हादसे में साइलो प्लांट के मलबे में एक कर्मी के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय गोपाल महतो ने बताया कि राधा कंपनी का कर्मी धर्मेंद्र कुमार साइलो प्लांट के अंदर फंसा हुआ है। बीसीसीएल प्रबंधन ने तत्काल बचाव कार्य शुरू कर दिया है, जो देर रात से जारी है। हालांकि, वाशरी डिविजन के जीएम सोहेल इकबाल ने दावा किया कि मलबे में कोई कर्मी फंसा नहीं है और इसकी जांच की जा रही है।
यह वाशरी चेन्नई की राधा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड को आउटसोर्सिंग के तहत दी गई है, जो इसका संचालन और रखरखाव भी देखती है. बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने हादसे के लिए ठेकेदार कंपनी की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि पांच साल पहले बनी इस वाशरी में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। विधायक ने ठेकेदार कंपनी के खिलाफ मुकदमा और सख्त कार्रवाई की मांग की।
ड्यूटी पर तैनात कर्मी नरेश महतो ने बताया कि वे साइलो की जांच कर रहे थे, तभी कुछ गिरने का आभास हुआ। तभी तुरंत बाइक लेकर वहां से निकल गए।सड़क पर पहुंचते ही साइलो पूरी तरह ढह गया।नरेश ने बताया कि एक कर्मी ऊपरी हिस्से में फंसा हुआ है।उनके अनुसार, यह वाशरी डेढ़ साल से संचालित हो रही है।
वाशरी डिविजन के जीएम सोहेल इकबाल ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।उन्होंने करीब 100 फीट का साइलो प्लांट के ढह जाने की पुष्टि की है। बीसीसीएल प्रबंधन इस बात की जांच कर रहा है कि हादसे में कोई कर्मी फंसा है या नहीं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो और ट्रेड यूनियन के नेता मौके पर पहुंचे।स्थानीय लोगों और नेताओं ने बीसीसीएल प्रबंधन और ठेकेदार कंपनी की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। इस हादसे ने वाशरी के रखरखाव और निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

