राँची में रात 10 बजे के बाद DJ बजाने पर बैन, प्रशासन ने की 5 बैंक्वेट हाल की जांच

 

राँची।ध्वनि प्रदूषण की शिकायतों के बाद राँची जिला प्रशासन ने रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने पर सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में रातू के सिमलिया क्षेत्र स्थित पांच बैंक्वेट हाल का निरीक्षण किया गया और संचालकों को ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया गया। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई कि नियमों के उल्लंघन पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राँची मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। उनके निर्देश पर बीती रात अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत के नेतृत्व में स्थानीय थाना प्रभारी और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने सिमलिया क्षेत्र के विभिन्न बैंक्वेट हाल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सिमलिया क्षेत्र के पांच बैंक्वेट हाल की जांच की गई। दुल्हन बैंक्वेट हाल में किसी प्रकार का कार्यक्रम संचालित नहीं पाया गया। वहीं विवाह बैंक्वेट हाल में एक कार्यक्रम चल रहा था, लेकिन वहां किसी प्रकार का ध्वनि प्रदूषण नहीं पाया गया। इसके अलावा फोकस बैंक्वेट हाल में भी कोई कार्यक्रम संचालित नहीं था।

जांच के दौरान सभी बैंक्वेट हाल के मालिकों और प्रबंधकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे रात 10 बजे के बाद डीजे या उच्च ध्वनि में संगीत का उपयोग नहीं करेंगे। साथ ही उच्च न्यायालय के निर्देशों और ध्वनि प्रदूषण से संबंधित प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिला प्रशासन ने सभी संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में नियमों का उल्लंघन पाया गया तो उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे आयोजनों के दौरान ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन करें, ताकि आसपास रहने वाले लोगों का जनजीवन प्रभावित न हो

error: Content is protected !!