गर्भवती युवती को गोलगप्पे में जहर देकर मारने की कोशिश, जंगल में छुप कर बचाई जान,आरोपी गिरफ्तार

 

गढ़वा।झारखण्ड के गढ़वा जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में छह सात माह की गर्भवती युवती की हत्या का प्रयास करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।मिली जानकारी के अनुसार, रमकंडा थाना अंतर्गत ग्राम विराजपुर निवासी 23 वर्षीय युवती का पिछले करीब छह वर्षों से रक्सी गांव निवासी 26 वर्षीय साकेत केशरी के साथ प्रेम संबंध था।दोनों के संबंध से एक वर्ष पूर्व एक बच्चा भी हुआ था। बाद में गांव-समाज के हस्तक्षेप के बाद दोनों को अलग कर दिया गया और मिलने-जुलने पर रोक लगा दी गई।आरोप है कि कुछ महीनों बाद आरोपी ने दोबारा युवती से संपर्क किया और शादी का भरोसा देकर संबंध बनाता रहा। इससे युवती दोबारा गर्भवती हो गई। वर्तमान में वह सात माह की गर्भवती बताई जा रही है।पीड़िता के अनुसार, 21 फरवरी 2026 की दोपहर करीब दो बजे आरोपी ने फोन कर उसे कुछ खिलाने की बात कही। युवती ने गोलगप्पा खाने की इच्छा जताई। आरोप है कि गोलगप्पा खाने के बाद उसे उल्टी होने लगी और मुंह से खून आने लगा।शाम करीब चार बजे आरोपी ने दोबारा फोन कर डॉक्टर के पास ले जाने की बात कही। लेकिन डॉक्टर के पास ले जाने के बजाय वह मोटरसाइकिल से उसे बैरिया जंगल की ओर ले गया।जंगल में करीब 100 मीटर अंदर ले जाकर आरोपी ने युवती के साथ मारपीट की और गला दबाकर हत्या की कोशिश की। मारपीट में युवती की आंख के पास गंभीर चोट आई और वह बेहोश हो गई।होश आने पर युवती किसी तरह जंगल के दूसरे छोर पर छिप गई और पूरी रात भय के साए में गुजारी। अगली सुबह वह किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।पीड़िता के आवेदन पर रमकंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी साकेत केशरी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में गढ़वा भेज दिया है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन छानबीन में जुटी हुई है। यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है।

error: Content is protected !!