एटीएस की टीम ने कुख्यात अपराधी मयंक सिंह को अजरबैजान से राँची लाया

 

राँची।झारखण्ड पुलिस के मोस्ट वांटेड रहे कुख्यात अपराधी सुनील मीणा उर्फ मयंक सिंह को झारखंड लाया गया है।शनिवार की सुबह एटीएस की टीम सुरक्षा व्यवस्था के बीच मयंक सिंह को लेकर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंची।इसके बाद टीम मयंक को एटीएस मुख्यालय ले गई।जहां झारखण्ड पुलिस अधिकारी पूछताछ करेंगे।एटीएस की टीम कुख्यात अपराधी मयंक सिंह को भारत लाने के लिए अजरबैजान गणराज्य गई थी।

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और अमन साहू( मृत) का एक करीबी सहयोगी को शनिवार को राँची लाया गया।झारखण्ड एटीएस के एसपी ऋषभ झा के नेतृत्व में एक टीम उसे अज़रबैजान से राँची लेकर आई है। एयरपोर्ट से सुनील मीणा उर्फ मयंक सिंह को एटीएस मुख्यालय ले जाया गया।एटीएस एसपी ने बताया कि कोर्ट में पेश करने के बाद मयंक को रिमांड पर लेकर पूछताछ किया जाएगा।

 

एक तरफ जहां मयंक सिंह को अजरबैजान गणराज्य से लाने के लिए एटीएस टीम अपने मिशन में कामयाब हुई है तो वहीं दूसरी तरफ झारखण्ड के उन तमाम जिलों के थानों में जहां मयंक के खिलाफ मामले दर्ज हैं, उन केसों की समीक्षा पूरी कर ली गई है। दरअसल, मयंक सिंह को सजा दिलवाने के लिए तमाम तरह के सबूत और गवाहों की जरूरत पड़ेगी।यहीं वजह है कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिन-जिन थानों में मयंक के खिलाफ केस दर्ज है, उसकी समीक्षा की गई है।

 

झारखण्ड पुलिस मुख्यालय के आंकड़ों के अनुसार मयंक सिंह के खिलाफ झारखण्ड के विभिन्न स्थानों में कुल 48 मामले दर्ज हैं। सबसे ज्यादा मामले मयंक के खिलाफ हजारीबाग जिले में दर्ज हैं।हजारीबाग के बड़कागांव, केरेडारी, कोर्रा, हजारीबाग सदर जैसे थानों में मयंक के खिलाफ दर्जन भर केस दर्ज हैं।इसके अलावा राँची, रामगढ़, पलामू और गिरिडीह में भी मयंक सिंह के खिलाफ मामले दर्ज हैं। एटीएस से मिली जानकारी के अनुसार मयंक सिंह के खिलाफ छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर और राजस्थान में भी मामले दर्ज हैं।राजस्थान और छत्तीसगढ़ पुलिस भी मयंक सिंह से पूछताछ करेगी।

पुलिस मुख्यालय के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार झारखण्ड एटीएस द्वारा अभियुक्त सुनील कुमार उर्फ सुनील कुमार मीणा उर्फ मयंक सिंह के विरूद्ध रामगढ़, पतरातु (भदानीनगर) थाना कांड सं.-175/22 में साक्ष्य के आधार पर न्यायालय में आरोप पत्र समर्पित करते हुए रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया गया। रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर दिनांक 29.10.2024 को अभियुक्त सुनील कुमार उर्फ सुनील कुमार मीणा उर्फ मयंक सिंह को अजरबैजान गणराज्य में डिटेन (निरूद्ध) किया गया। डिटेन करने के बाद अजरबैजान गणराज्य द्वारा Extradition Dossier की मॉग की गई।इसके बाद झारखण्ड एटीएस द्वारा विदेश मंत्रालय के माध्यम से Extradition Dossier अजरबैजान गणराज्य को उपलब्ध कराया गया, जिसके आलोक में उक्त अभियुक्त के विरूद्ध अजरबैजान बाकु अपराध न्यायालय में मुकदमा चलाया गया।दिनांक 27.01.2025 को अजरबैजान बाकु अपराध न्यायालय द्वारा अभियुक्त मयंक सिंह को भारत प्रत्यार्पण हेतु अनुमति प्रदान की गई।सीबीआई, नई दिल्ली द्वारा झारखण्ड एटीएस को पत्राचार कर सूचित करते हुए प्रर्यापण संबंधी आवश्यक कार्रवाई करने हेतु निर्देश दिया गया।जिसके बाद एटीएस द्वारा उक्त अभियुक्त को अजरबैजान गणराज्य से भारत प्रत्यार्पण संबंधी सभी आवश्यक कार्रवाई पूरी की गई। अजरबैजान द्वारा पुनः दिनांक 04.08.2025 को पत्राचार कर सूचित किया गया कि दिनांक 22.08.2025 को अभियुक्त मयंक सिंह को भारतीय अधिकारी को सुपुर्द कर दिया गया।

error: Content is protected !!