Ranchi:कुएं में गिरने से सेना के जवान की मौत, सरस्वती पूजा मनाकर लौट रहे थे घर,स्कूटी सहित कुएं में गिर गए..
राँची।जिले के मांडर थाना क्षेत्र के बंझिला गांव निवासी भारतीय सेना के जवान पवन महली की कुएं में गिरने से मौत हो गई। घटना शुक्रवार की रात लगभग 10 बजे की है। बताया जाता है कि पवन महली पांच जनवरी 2026 को छुट्टी पर अपने गांव आए थे। शुक्रवार की रात वे अपने पैतृक गांव बंझिला में सरस्वती पूजा मनाकर स्कूटी से सोसई स्थित अपने नए घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव से थोड़ी दूर, सड़क के किनारे एक मोड़ पर स्थित खुले कुएं में स्कूटी समेत जा गिरा। पवन की पत्नी और उनका साला पहले ही बंझिला से सोसई स्थित घर के लिए निकल गए थे।इधर, पवन के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। कुएं के पास पहुंचने पर देखा कि पवन की स्कूटी की लाइट जल रही थी। ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल कुएं से बाहर निकाला और मिशन स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक जवान की पत्नी और दो नाबालिग सात वर्षीय पुत्र और 11 वर्षीय पुत्री का रो-रोकर बुरा हाल था। स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस कुएं में यह हादसा हुआ वहां पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक मुंडेर नहीं बनी। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर शनिवार को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया।जहां शनिवार देर शाम उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस हादसे से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।

