रामगढ़ के चुट्टूपालू घाटी में फिर भीषण हादसा,कंटेनर चालक की जलकर मौत
रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत चुट्टूपालू घाटी एक बार फिर खून से लाल हो गई। एनएच 33, राँची-पटना मुख्य मार्ग पर भीषण सड़क हादसे में एक कंटेनर ने आगे चल रहे गिट्टी लदे हाइवा को जोरदार टक्कर मार दी.तेज टक्कर से कंटेनर में तुरंत आग लग गई और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और चालक जिंदा जल गया।घटना की सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग पुलिस और रामगढ़ थाना प्रभारी फायर ब्रिगेड की टीम के साथ मौके पर पहुंचे।कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
हादसे के बाद एनएच-33 पर लंबा जाम लग गया और राँची-पटना मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया.आग बुझाने के बाद एक लेन को किसी तरह चालू कराया गया। पुलिस दो-दो क्रेन लगाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया।एनएच-33 चुट्टूपालू घाटी में लगातार सड़क हादसा व मौत हो रहे हैं।लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से सुरक्षा के ठोस इंतजाम नजर नहीं आते हैं।
घटनास्थल पर पहुंचे रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी मिली थी।इसके बाद दो-दो फायर ब्रिगेड की टीम को लाकर आग पर काबू पाया गया। आग बुझने के बाद केबिन के अंदर एक बुरी तरह अधजला हुआ शव देखा गया है। संभवतः कंटेनर का ड्राइवर का होगा। दुर्घटना के कारण सड़क जाम हो गया था।वन वे को चालू करवा कर दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों को हटवाने का प्रयास किया जा रहा है और मृतक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों का आरोप है कि घाटी में सड़क की बनावट और सुरक्षा प्रबंधन में गंभीर खामियां हैं। बार-बार हादसों के बावजूद NHAI सिर्फ कागजी कार्रवाई तक सीमित है। लोगों ने कहा कि क्या हर बार एक जान जाने का इंतजार किया जा रहा है।क्या इस बार NHAI जिम्मेदारी लेगा या फिर अगली दुर्घटना का इंतजार करेगा।

