पशु तस्करों ने की पुलिस को रौंदने की कोशिश…बाल-बाल बचे पुलिस वाले, दो गिरफ्तार
पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले में मवेशी तस्करों ने पुलिस अधिकारी और जवानों को अपने वाहन से रौंदने की कोशिश की, जिसमें पुलिस अधिकारी और जवान बाल-बाल बच गए। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिहार के एक मवेशी तस्कर समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।पुलिस को सूचना मिली थी कि पड़वा मोड़ से छतरपुर की तरफ नेशनल हाईवे 98 से दो पिकअप वाहन से मवेशी की तस्करी होने वाली है।इसी सूचना के आलोक में नावाबाजार थाना के पास चेक पोस्ट पर पुलिस ने चेकिंग शुरू की।
इसी दौरान मवेशी को लेकर जा रहे तस्करों को नावाबाजार चेक पोस्ट पर तैनात पुलिस अधिकारी एवं जवानों ने रोकने का प्रयास किया। मगर मवेशी तस्कर वहां रुके नहीं।बाद में पुलिस ने वाहन का पीछा करते हुए नावाबाजार थाना क्षेत्र के पास पिकअप वाहन को पकड़ा।इसमें एक आरोपी औरंगाबाद (बिहार) के कुटुंबा का रहने वाले रंजीत कुमार है जबकि दूसरा आरोपी जुनाब अंसारी पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के लिधकी का रहने वाला है।पुलिस ने इन दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
विश्रामपुर एसडीपीओ आलोक कुमार टूटी ने बताया कि तस्करों ने पुलिस को रौंदने का प्रयास किया था।मवेशी को पलामू के तरहसी के इलाके से बिहार के संडा इलाके में ले जाया जा रहा था।पुलिस ने मवेशियों से संबंधित कागजात की मांग की, जिसे आरोपी प्रस्तुत नहीं कर पाए थे।इस मामले में आरोपियों ने तीन और नाम बताएं हैं जो मवेशी की तस्करी करवा रहे थे। पुलिस की इस छापेमारी में नावाबाजार के थाना प्रभारी संजय कुमार यादव, सबइंस्पेक्टर अनिल कुमार चौधरी समेत कई अधिकारी शामिल थे।

