चाईबासा:मुठभेड़ में भाकपा माओवादी का जोनल कमांडर अमित हांसदा उर्फ अपटन मारा गया,10 लाख रुपए का इनाम घोषित था…
चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। यह घटना गोइलकेरा थाना क्षेत्र के रेलापराल जंगल में घटी। मुठभेड़ में भाकपा माओवादी का जोनल कमांडर अमित हांसदा उर्फ अपटन मारा गया। उस पर झारखण्ड सरकार ने 10 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था।चाईबासा एसपी राकेश रंजन को इनपुट मिला था कि रेलापराल के जंगली और पहाड़ी इलाके में माओवादी किसी बड़ी वारदात की साजिश रच रहे हैं। सूचना मिलते ही सीआरपीएफ और झारखण्ड पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्च अभियान शुरू किया। रविवार की सुबह सुरक्षाबल जंगल में दाखिल हुए तो नक्सलियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी।
नक्सलियों की गोलीबारी का सुरक्षाबलों ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। दोनों ओर से चली गोलीबारी के बीच जवानों का दबाव बढ़ता देख कई नक्सली घने जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले। हालांकि मुठभेड़ में एक नक्सली मौके पर ही ढेर हो गया।मुठभेड़ खत्म होने के बाद पुलिस ने इलाके में सघन सर्च अभियान चलाया। इस दौरान जवानों को एक नक्सली का शव मिला, जिसकी पहचान जोनल कमांडर अमित हांसदा के रूप में हुई। उसके पास से हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। सुरक्षाबलों की मानें तो इस अभियान से इलाके में सक्रिय माओवादी संगठन को बड़ा झटका लगा है।
एसपी राकेश रंजन ने रविवार सुबह हुई मुठभेड़ की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि जोनल कमांडर अमित हांसदा का मारा जाना पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि है। इस कार्रवाई से कोल्हान क्षेत्र में नक्सलियों की गतिविधियों को बड़ा नुकसान हुआ है और आने वाले दिनों में ऐसे अभियान और तेज किए जाएंगे।
बता दें कि जिले में 20 दिन पहले भी पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। 13 अगस्त को पोस्ता जंगल में हुई उस कार्रवाई में छत्तीसगढ़ का रहने वाला एरिया कमांडर अरुण मारा गया था। उस वक्त भी सुरक्षाबलों ने एक एसएलआर, कारतूस और अन्य सामान बरामद किया था।

