टायर फटने के बाद डिवाइडर से टकराई बस,सड़क पर पलटी,चार घायल,चालक फरार
कोडरमा।झारखण्ड के कोडरमा जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया।राँची-पटना मुख्यमार्ग (एनएच-20) पर जामूखांडी के पास एक मिनी बस बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई।इस दुर्घटना में चार यात्री घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेजा गया, जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजनंदनी नामक मिनी बस (जेएच 02 एफ 9649) हजारीबाग से 15 से 20 सवारियों को लेकर बरही होते हुए झुमरीतिलैया जा रही थी। बस में सवार यात्रियों को कोडरमा स्टेशन पहुंचकर वहां से ट्रेन पकड़ना था। जैसे ही बस जवाहर घाट पार कर जामूखांडी के पास पहुंची, उसका पिछला टायर अचानक फट गया।टायर फटते ही चालक ने नियंत्रण खो दिया। घबराहट में बस सीधे डिवाइडर से जा टकराई और पलट गई। हादसे के समय बस की गति सामान्य बताई जा रही है, फिर भी टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के अगले हिस्से को काफी नुकसान हुआ और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोग दौड़े और उन्होंने तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायल यात्रियों को एंबुलेंस की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में शावना खातून, रवि पासवान और दुर्गेश्वरी पासवान का इलाज जारी है। एक अन्य यात्री को मामूली चोट आई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। एक यात्री की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
इधर हादसे के तुरंत बाद बस चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टायर फटने की आवाज के बाद कुछ ही सेकेंड में यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही चंदवारा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस बस को सड़क से हटाकर थाना लाने की प्रक्रिया में जुट गई। हालांकि, इस दुर्घटना के चलते यातायात पर कोई असर नहीं पड़ा। मेन रोड पर गाड़ियां सामान्य रूप से चलती रहीं। पुलिस अब चालक और खलासी की तलाश कर रही है।

