मोबाइल छिनतई के बाद स्नैचरों ने ट्रांसपोर्टर को दी चुनौती पकड़ कर दिखाओं,तीन किमी खदेड़ दो को दबोचा,अपराधियों की चालबाजी काम नहीं आई…
राँची।राजधानी राँची के कांके रोड में रहने वाले एक ट्रांसपोर्टर से दो बाइक सवार स्नैचरों ने बुधवार की देर रात उनका मोबाइल छिन लिया। जब ट्रांसपोर्टर ने रूकने के लिए कहा तो दोनों ने उन्हें चुनौती दे डाली कि पकड़ कर दिखाओ। स्नैचरों और ट्रांसपोर्टर के बीच बाइक से देर रात रेस शुरू हुआ। तीन किमी भागने के बाद दोनों पकड़े गए। पकड़ने जाने के बाद जब लोग जुट गए तो दोनों ने उनपर ही इल्जाम लगा दिया कि उन्होंने ही स्नैचिंग की है। लेकिन वे छिनतई की मोबाइल का लॉक नहीं खोल पाए और वहां जुटे लोगो के गुस्से का पात्र बन गए। गिरफ्तार स्नैचरों में कोकर सरना टोली का रहने वाला नीरज कुमार (20) और रामगढ़ रजरप्पा का रहने वाला नीरज कुमार पांडेय (23) शामिल है। नीरज का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह पांच बार लूट, छिनतई चोरी में जेल जा चुका है। पूरी घटना बुधवार की रात 10.30 से 11.00 बजे के बीच की मोरहाबादी के पास की है।
घटना की कहानी पीड़ित की जुबानी…..
कांके रोड के जगत पुरम के रहने वाले राजीव रंजन जिनका बूंटी मोड़ में ट्रांसपोर्ट का कारोबार है। वे अपना ऑफिस बंद कर रात में लौट रहे थे। रात करीब 10.30 बजे वे हरिहर सिंह रोड कटिंग के पास पहुंचे थे। उसी दौरान उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। राजीव रंजन रूक कर कॉल रिसीव करने लगे। उसी दौरान पीछे से एक बाइक से आए दो युवकों ने उनका मोबाइल छिन लिया और भागने लगे। राजीव रंजन ने उन्हें कहा मोबाइल वापस कर दो। मेरे पास भी बाइक है। पीछा कर हम भी पकड़ सकते है। इस पर उन दोनों युवकों ने उन्हें चुनौती दे दी कि पकड़ कर दिखाओं।
भागने के दौरान एक बार दोनों स्नैचर गिर गए, पकड़े गए तो छुड़ा फिर भागे
राजीव रंजन ने दोनों स्नैचरों को बाइक से पीछा करना शुरू किया। दोनों मोरहाबादी की ओर तेजी से भागने लगे। लेकिन एक जगह मोड़ पर दोनों की बाइक फिसल गई और वे गिर पड़े। राजीव ने दोनों को पकड़ा लिया। लेकिन वे लोग उनके चंगुल से निकल कर फिर भागने लगे। दोनों का राजीव ने फिर पीछा किया। कुछ दूरी पर फिर उन दोनों को राजीव ने पकड़ लिया। उन दोनों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दिया। इसी दौरान वहां कुछ लोग भी जुट गए। दोनों को वहां जुटे लोगो ने भी पकड़ा तो वे कहने लगे कि मोबाइल स्नैचिंग उन दोनों ने नहीं बल्कि राजीव रंजन ने की है। इसपर स्थानीय लोगो ने कहा कि साक्ष्य दो। राजीव रंजन ने दोनों को कहा कि मोबाइल तुम्हारी है तो लॉक खोल कर दिखाओ। लेकिन वे लॉक नहीं खोल पाए। क्योंकि मोबाइल वे लोग छिन कर भाग रहे थे। इसके बाद स्थानीय लोगो ने भी दोनों ने जमकर धुनाई की। पीसीआर 12 भी भीड़ देखकर वहां पहुंच गई। इसके बाद दोनों को पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया।
मोबाइल छिनतई करने वाले दो गिरफ्तार
इधर लालपुर थाना की पुलिस ने मोबाइल लूटने वाले दो आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और गुरुवार को जेल भेज दिया है।एक आरोपी नीरज कुमार कोकर के सरनाटोली का रहने वाला है। वही दूसरा नीरज कुमार पांडेय है। जो रामगढ़ का रहने वाला है। इसके पास से पुलिस ने लूटा मोबाइल बरामद किया है। थाना प्रभारी रूपेश कुमार ने बताया कि बुधवार को हरिहर सिंह रोड के पास रविरंजन प्रकाश नामक व्यक्ति मोबाइल पर बात करते हुए जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उनसे मोबाइल छीनकर भागने का प्रयास किया। उनके शोर मचाने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पीसीआर 12 में तैनात पुलिसकर्मियों ने बाइक सवार एक अपराधी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी नीरज ने पुलिस को जानकारी दी।

