डॉक्टर डे के दिन एक घूसखोर डॉक्टर को एसीबी ने घूस लेते दबोचा…
हजारीबाग।एक तरफ देश भर में डॉक्टर्स डे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।वैसे चिकित्सक जिन्होंने समाज में विशेष योगदान दिया है उन्हें आज के दिन सम्मानित किया जा रहा है। इसी बीच झारखण्ड के हजारीबाग जिले में एक सरकारी चिकित्सक को घूस लेने के आरोप में जेल का रास्ता दिखाया गया है।जिला के चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉक्टर सतीश कुमार को डॉक्टर्स डे के दिन जेल जाना पड़ा। डॉक्टर सतीश सिन्हा को एसीबी की टीम के द्वारा 3000 रुपया घूस लेते रंगेहाथों गिरफ्तार किया गया है।बकाया बिल के भुगतान के लिए रिश्वत की मांग की गयी थी।
बताया जाता है कि चौपारण प्रखंड के दादपुर गांव निवासी उज्जवल कुमार सिन्हा ने डॉक्टर सतीश कुमार के खिलाफ एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। उज्जवल कुमार सिन्हा एक ममता वाहन के मालिक हैं।उनके द्वारा दी गयी शिकायत के मुताबिक, उज्जवल कुमार का ममता वाहन से संबंधित 7 महीनों के बिल का भुगतान बकाया था। जिसकी राशि करीब 25,000 रुपये थी। इन बिलों पर सिग्नेचर करने के लिए डॉक्टर सतीश कुमार ने 5000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
इस बात की जानकारी उज्जवल ने सीधे एसीबी को दी।इस शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डॉ.सतीश कुमार को 3000 रुपया घूस लेते हुए रंगेहाथों धर दबोचा। चिकित्सक की गिरफ्तारी के बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया है और उनके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई ।डॉ. सतीश कुमार की गिरफ्तारी की पुष्टि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के पुलिस अधीक्षक का आरिफ इकराम ने की है।इस मामले में अब आगे की कार्रवाई की जा रही है।

