हजारीबाग में एसीबी ने राजस्व कर्मचारी को 3000 रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ किया गिरफ्तार

हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले में एसीबी हजारीबाग की टीम ने दारू अंचल के राजस्व कर्मचारी ज्ञानी राम को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी की इस कार्रवाई से अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया है। एसीबी के अनुसार हजारीबाग जिला के दारू थाना क्षेत्र के मेढ़कुरी कला गांव निवासी हिरामन प्रजापति ने आवेदन देकर राजस्व कर्मचारी के विरुद्ध शिकायत की थी।हिरामन प्रजापति ने एसीबी को दिए गए आवेदन में उल्लेख किया था पत्नी दुर्गा देवी के नाम उन्होंने दाखिल-खारिज का आवेदन दारू अंचल कार्यालय में दिया था।उनका आरोप था कि दाखिल-खारिज के आवेदन को स्वीकृत करने के बदले राजस्व कर्मचारी ज्ञानी राम 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहा है। हिरामन रिश्वत देने को तैयार नहीं था।जिसके बाद उन्होंने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से इसकी शिकायत की।वहीं शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने शिकायत का सत्यापन किया। जिसमें पाया गया कि आरोपी ज्ञानी राम ने आवेदक से पहली किस्त के रूप में 3,000 रुपये की मांग की थी। सत्यापन प्रतिवेदन के आधार पर एसीबी हजारीबाग ने मामला दर्ज कर लिया।इसके बाद एसीबी की गठित ट्रैप टीम ने दारू अंचल में छापेमारी कर आरोपी राजस्व कर्मचारी ज्ञानी राम को वादी से तीन हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी से एसीबी की टीम पूछताछ कर रही है। हजारीबाग एसीबी ने स्पष्ट किया है कि जो भी सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो उसकी शिकायत कार्यालय में करें।शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!