टहलने निकले प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, चाकू से भी किया हमला..दो हिरासत में..

 

डेस्क टीम/गोरखपुर। चिलुआताल के बरगदवा गांव में मंगलवार सुबह प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 42 वर्षीय राजकुमार चौहान सुबह करीब पांच बजे टहलने निकले थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी।गोली लगने के बाद भी हमलावरों ने चाकू से हमला किया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस बीआरडी मेडिकल कालेज के नेहरू अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रंजिश के एंगल से जांच शुरू करते हुए एक रेस्टोरेंट संचालक समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है।बरगदवा गांव निवासी राजकुमार चौहान रोज की मंगलवार सुबह करीब पांच बजे टहलने के लिए निकले थे। वह अपने घर से कुछ दूर पहुंचे ही थे कि पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। सीने, गर्दन और सिर में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।आरोप है कि गोली लगने के बाद भी हमलावरों ने चाकू से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। राजकुमार की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।पुलिस इस वारदात को पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रही है। राजकुमार चौहान की भयहू राजेंद्र नगर पश्चिमी वार्ड की पार्षद रही है। मामले में एक रेस्टोरेंट संचालक समेत दो लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही पर्दाफाश किया जाएगा।आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

error: Content is protected !!