गिरिडीह में फुटपाथ दुकानों में लगी भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर खाक
गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र में शनिवार अहले सुबह तीन फुटपाथी दुकानों में भीषण आग लग गई।हालांकि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।लेकिन माना जा रहा है कि एक लाख रुपये से ज़्यादा की संपत्ति जलकर खाक हो गई है।पिछले साल ही सौंदर्यीकरण किए गए बगोदर टॉउन हॉल भी आग की चपेट में आ गया था।यह घटना बगोदर बाजार अंतर्गत पुराने जीटी रोड के टॉउन हॉल के पास हुई है।जिसमें तीन दुकानें और उसमें रखी सामग्रियां जलकर राख हो गया।
बताया जाता है कि कपड़ा एवं फल की दुकानों में आग लगी है। दुकानों में आग लगने की सूचना बाजार में आग की तरह फैल गई। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस प्रशासन को दी गई।मौके पर फायरबिग्रेड की टीम पहुंची और आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। इसके पूर्व पुलिस प्रशासन एवं स्थानीय लोगों के द्वारा आग में पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन आग बढ़ते ही जा रही थी।
थाना प्रभारी विनय कुमार यादव ने बताया कि आग को पूरी तरह से बुझा लिया गया है।फिलहाल आग लगने के कारणों की जानकारी नहीं मिल पाई है। संभवतः शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना है।इधर, दुकानों में आग लगने से दुकान संचालकों में मायूसी है. बता दें कि पिछले साल भी बगोदर बाजार में आग लग गई थी। जिससे फुटपाथ पर संचालित 9 दुकानें पूरी तरह से जलकर राख हो गया था।

