जुआ खेलने के दौरान विवाद,एक युवक की गोली मारकर हत्या….दूसरी घटना में एक को गोली मारकर किया घायल…हत्या के विरोध में आक्रोशित लोगों ने सड़क पर की आगजनी

साहिबगंज।झारखण्ड के साहिबगंज में गुरुवार की रात दो अलग-अलग थाना क्षेत्र में गोलीबारी की घटना हुई। इसमें एक युवक की मौके पर मौत हो गई। जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी है। घटना तालझारी थाना क्षेत्र और राधानगर थाना क्षेत्र की है। वहीं, घटना के बाद लोगों ने सड़क पर आगजनी कर रोड जाम कर दिया।

पहली घटना तालझारी थाना क्षेत्र के महाराजपुर स्थित डाक बंगला खंता इलाके में हुई। यहां पांचू मंडल (30) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जुआ खेलने के दौरान पैसे की लेनदेन पर विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया।गोली लगने के बाद पांचू मंडल को गंभीर हालत में सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉ. मुकेश कुमार ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने बताया कि गोली सीने के बीचों-बीच लगी थी, जो आर-पार हो गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा कि कितनी गोलियां लगी थीं।घटना स्थल पर पहुंचने पर मृतक के बड़े भाई फेकन मंडल ने बताया कि घायल पांचू ने अंतिम सांस लेने से पहले खुद बताया कि गदाई दियारा का जॉनी टाइगर नामक युवक ने उसे गोली मारी है। पांचू मंडल और आरोपी के बीच जुआ खेलने को लेकर पैसे की लेनदेन पर कुछ विवाद भी हुआ था। पुलिस इस हत्याकांड को आपसी रंजिश या व्यक्तिगत दुश्मनी से भी जोड़कर देख रही है।

वहीं, दूसरी घटना राधानगर थाना क्षेत्र में हुई। राधानगर पंचायत भवन के पास अज्ञात हमलावरों ने कृष्ण घोष (60) को गोली मार दी। परिजन उन्हें गंभीर हालत में पश्चिम बंगाल के फरक्का स्थित एक निजी अस्पताल ले गए।कृष्णा घोष बाजार से घर लौट रहे थे। राधानगर थाना घाट के निकट एक पुलिया के नीचे से अचानक गांव के ही तीन लोग निकले और किसी ने गोली चलाई तो किसी ने धारदार हथियार से उनके सिर पर वार कर दिया।उसी अवस्था में कृष्ण घोष वहां से भागे और कुछ दूर जाकर जमीन पर गिर गए। घटना को अंजाम देकर तीनों आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए। सूचना मिलते ही राधानगर, बरहरवा और राजमहल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया।घायल कृष्णा घोष ने गांव के ही वासुदेव घोष, संतोष घोष तथा जोष्टी मंडल के बेटे पर हमला करने का आरोप लगाया है। लोगों ने बताया कि आरोपियों का कृष्ण घोष के साथ जमीन विवाद चल रहा है।

“दोनों ही मामलों में आरोपियों को चिन्हित कर लिया गया है। लगातार छापेमारी की जा रही है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दोनों ही घटनाओं में घटना का कारण आपसी रंजिश बताया जा रहा है।” – विमलेश कुमार त्रिपाठी, राजमहल एसडीपीओ

error: Content is protected !!