सिरमटोली फ्लाईओवर रैंप विवाद:देर रात तक चला विरोध प्रदर्शन…भारी संख्या में पुलिस बल तैनात…
राँची।सिरमटोली फ्लाईओवर के रैंप गिराने को लेकर चल रहे विरोध को देखते हुए गुरुवार को एक बार फिर वहां पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। फ्लाईओवर के रैंप के कार्य को लेकर वहां निर्माण सामग्री गिराई गई थी। जिसके बाद सिरम टोली सरना स्थल बचाओ मोर्चा के सदस्यों ने एक बार फिर विरोध शुरू कर दिया। देर शाम वहां रैंप के पास काफी संख्या में मोर्चा के सदस्य आकर बैठ गए। उनका कहना था कि रैंप को लेकर कोई भी निर्माण कार्य नहीं होगा। अगर निर्माण कार्य होता है तो वे उसका विरोध करेंगे। उल्लेखनीय हो कि सरहुल से पहले से ही रैंप को लेकर मोर्चा की ओर से विरोध प्रदर्शन की किया जा रहा है। मोर्चा का कहना है कि रैंप के निर्माण से केंद्रीय सरना स्थल सिरमटोली में सरहुल के दौरान शोभायात्रा को पहुंचने में काफी परेशानी होगी। इसलिए रैंप वहां नहीं गिरना चाहिए। इधर फिलहाल विधि व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए वहां पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।देर रात तक भारी संख्या में पुलिस बल तैनात थे।वहीं मोर्चा के भी लोग धरना पर बैठे हुए थे।