लुटेरा पति-पत्नी राँची पुलिस के हत्थे चढ़ा….भाड़े पर बाइक चलाने वालों को रात में करती थी लड़की बुक, फिर अपने साथी को बुलाकार चाकू के बल पर दोनों करते थे लूटपाट
राँची।राजधानी राँची के जगन्नाथपुर थाना की पुलिस ने लूट पाट करने वाले एक पति पत्नी गिरोह को पकड़ा है। जो भाड़े पर चलने वाली बाइक को रात में बुकिंग करते थे। बाइक चालक जैसे ही सवारी पिकअप के लिए आता था, लड़की आगे आती थी। वह बाइक चालक का मोबाइल लेकर अपने सहयोगी को बुला लेती थी। फिर चाकू दिखा कर दोनों बाइक चालक को लूट लेते थे। इन दोनों ने कई बाइक चालकों से लूटपाट किया है। लूट पाट के मामले में जगन्नाथपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया। इन दोनों के विरुद्ध जगन्नाथपुर थाने में भाड़े पर बाइक चलाने वाले पंडरा फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी विवेक कुमार (23) ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। विवेक कुमार ने बताया कि उसे 22 जनवरी को जब वह हिनू चौक पर रात 10 से 10.30 के बीच था उस समय एक बुकिंग मिला। बुकिंग हटिया रेलवे स्टेशन रोड से हरमू चौक तक जाने की की थी। जब विवेक कुमार बाइक लेकर कस्टमर को पिकअप करने के लिए लोकेशन पर पहुंचे तो उन्हें वहां एक लड़की खड़ी मिली। जब लड़की के पास विवेक पहुंचे तो उसने उनसे कहा कि अपना मोबाइल फोन दे मुझे अपने घर वालों से बात करनी है। विवेक ने लड़की समझ कर उसे अपना मोबाइल बात करने के लिए दे दिया। लड़की ने विवेक का मोबाइल लेकर अपने परिवार वालों से बात करने का झूठा नाटक किया। फिर उसके मोबाइल को अपने बैग में रख लिया। बाइक चालक विवेक को कुछ समझ में आता इससे पहले उसने एक लड़के को वहां बुला लिया। वहां जो लड़का पहुंचा उसके हाथ में चाकू था।
जैसे ही लड़का पहुंचा लड़की लगाने लगी छेड़खानी का आरोप
लूटपाट के शिकार विवेक कुमार ने बताया कि जैसे ही लड़की ने अपने साथी लड़के को वहां बुलाया वह शोर मचाने लगी कि बाइक चालक उसके साथ छेड़खानी कर रहा है। लड़की का साथी चाकू लेकर बाइक चालक को मारने लगा। उसके उपर चाकू से वार करने लगा। लड़की भी उसका साथ देने लगी। बाइक चालक डर गया। उसके हाथ में चाकू लग चुका था। वह घायल हो चुका था। किसी तरह से वह उनके चंगुल से निकल कर वहां से भागा कर एक होटल में पहुंचा। फिर स्थानीय लोगो के सहयोग से पहले डोरंडा स्थित अस्पताल पहुंचा। जहां से प्राथमिकी इलाज के बाद उसे रिम्स रेफर कर दिया गया। अस्पताल में इलाज कराने की वजह से उसने पुलिस को देर से सूचना दी। फिर प्राथमिकी दर्ज कराया। पुलिस ने जब इस मामले की छानबीन शुरू की तो पता चला कि इन दोनों ने मिलकर तीन चार बाइक चालकों जो भाड़े पर बाइक चलाते है उन्हें बुक कर लूट पाट की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस इनकी निशानदेही पर लूट के मोबाइल को बरामद करने में लगी है।