Ranchi: आदिवासी महिला पर लगा डायन बिसाही का आरोप, घर से पीडि़ता को जबरन उठा ले गई बस्ती की महिलाएं ओझा गुनी के पास, बेटी ने दर्ज कराई शिकायत..

राँची।धुर्वा थाना क्षेत्र में जगन्नाथपुर मंदिर के पास स्थित चांदनी कोचा बस्ती में रहने वाली एक आदिवासी महिला पर जबरन डायन बिसाही का आरोप वहीं की कुछ स्थानीय महिलाओं ने शुक्रवार को लगाया। यहीं नहीं वहां की महिलाओं ने पीडि़ता को जबरन उसके घर से उठा कर ओझा गुनी के पास भी ले गई। इस संबंध में पीड़ित महिला हासनी की बेटी लक्ष्मी ने धुर्वा थाना में बस्ती की ही महिला सिनी देवी व कुछ अन्य महिलाओं के विरुद्ध धुर्वा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। दर्ज शिकायत में बताया है कि वह चांदनी कोचा में रहती है। शुक्रवार को बस्ती में ही रहने वाली सिनी देवी कुछ महिलाओं के साथ उसके घर आई और उसकी मां हासनी कुजूर को यह कहने लगी कि तुम डायन बिसाही हो। इसके बाद सिनी देवी अपने साथ लाई कुछ अन्य महिलाओं के साथ लक्ष्मी व उसकी मां को मारने की धमकी देने लगी। सुबह 10.30 बजे सिनी देवी अन्य महिलाओं के साथ मिलकर जबरन हासनी को अपने साथ ले गई। लक्ष्मी  का आरोप है कि सिनी देवी व अन्य महिलाओं ने मिलकर उसकी मां को ओझा गुनी के पास ले गए। फिर शाम करीब 4 बजे उसे वापस छोड़ा। धुर्वा थाना की पुलिस ने लक्ष्मी कुजूर की लिखित शिकायत ले ली है। उसकी शिकायत पर पुलिस ने बस्ती में जाकर पूछताछ भी की और जांच की जा रही है।

सिनी देवी का आरोप, उसके बेटे की मौत की जिम्मेदार

सिनी देवी का आरोप है कि पिछले साल 17 नवंबर को उसके बेटे रौशन की मौत हो गई थी। उसका कहना है कि उसके बेटे की मौत की जिम्मेदार हासनी देवी ही है क्योंकि वह टोना टोटका करती है। सिनी देवी का आरोप है कि वह हासनी ने बस्ती में रहने वाले कुछ अन्य लोगो के परिवार को भी अपने टोना टोटका से प्रभावित किया है। इसलिए उसे वे लोग ओझा गुनी के पास ले गए थे। ताकि कोई अन्य परिवार पीड़ित ना हो। इधर डायन बिसाही के इस गंभीर मामले में पर पुलिस के वरीय अधिकारियों को भी जानकारी दी गई है ताकि आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई हो सके। इस घटना से हासनी व उसकी बेटी लक्ष्मी काफी डरी सहमी हुई है।