नाबालिग छात्रा को भगा ले गया था युवक, राँची पुलिस ने प्रयागराज से दबोचा; गिरफ्तार आरोपी को भेजा गया जेल
–सीसीटीवी फुटेज से मिला था सुराग, गया होते हुए प्रयागराज पहुंची थी राँची पुलिस की टीम; आरपीएफ की मदद से ट्रेन में पकड़े गए थे दोनों, 18 घंटे के भीतर पुलिस ने छात्रा को किया था बरामद
राँची। राजधानी राँची के डोरंडा स्थित जेवीएम श्यामली स्कूल की आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली 13 वर्षीय छात्रा के अपहरण मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान नामकुम के अमेठिया नगर निवासी 19 वर्षीय पिटरसन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस प्रयागराज से आरोपी और छात्रा को राँची लेकर पहुंची, जिसके बाद शनिवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, नाबालिग छात्रा को फिलहाल प्रेमाश्रय में रखा गया है। बताया जा रहा है कि छात्रा का न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान दर्ज नहीं होने के कारण उसे फिलहाल परिजनों को नहीं सौंपा गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे मामले में राँची पुलिस ने दूसरे राज्य तक पहुंचकर कार्रवाई की थी। स्कूल के गेट से छात्रा के गायब होने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के जरिए आरोपी की पहचान की। इसके बाद पुलिस की टीम राँची से गया होते हुए उत्तर प्रदेश के प्रयागराज पहुंची। वहां रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की मदद से ट्रेन में दोनों को पकड़ लिया गया था।
स्कूल के गेट पर पहुंचते ही गायब हो गई थी छात्रा
मामला 25 नवंबर 2026 का है। नामकुम के अमेठिया नगर निवासी छात्रा के पिता ने डोरंडा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उनकी 13 वर्षीय बेटी रोज की तरह सुबह स्कूल वैन से जेवीएम श्यामली स्कूल पहुंची थी। सुबह करीब 7:21 बजे वह स्कूल के गेट पर वैन से उतरी थी। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद पिटरसन कुमार उसे अपनी ग्रे रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गया। इसके बाद छात्रा का कोई पता नहीं चला।
स्कूल की छुट्टी के बाद जब बेटी घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। वैन चालक से पूछताछ में पता चला कि छुट्टी के समय किसी छात्र ने उसे बताया था कि छात्रा को लेने उसके पिता स्कूल आ रहे हैं। इसी सूचना के बाद परिजनों को संदेह हुआ और उन्होंने स्कूल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई।
सीसीटीवी से खुला राज, बाइक से ले जाते दिखा आरोपी
स्कूल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में आरोपी युवक की गतिविधियां सामने आईं। फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान की और तलाश शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर डोरंडा थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
तकनीकी अनुसंधान के दौरान आरोपी की लोकेशन का पता चला। पुलिस टीम लगातार उसका पीछा करते हुए पहले बिहार के गया और फिर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज पहुंची। वहां आरपीएफ के सहयोग से संबंधित ट्रेन में घेराबंदी कर आरोपी और छात्रा को पकड़ लिया गया। पुलिस ने छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया था।
आरोपी और छात्रा एक ही मोहल्ले के रहने वाले
पुलिस के अनुसार, आरोपी पिटरसन कुमार और नाबालिग छात्रा एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं। हालांकि दोनों अलग-अलग स्कूलों में पढ़ाई करते हैं। छात्रा जेवीएम श्यामली स्कूल में आठवीं कक्षा की विद्यार्थी है, जबकि आरोपी चुटिया स्थित एलए गार्डन स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ता था।
प्रयागराज से बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत राँची लाया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया गया। वहीं, नाबालिग छात्रा को बाल संरक्षण की प्रक्रिया के तहत प्रेमाश्रय में रखा गया है।

