धनबाद में बीच सड़क धू-धूकर जला बिचाली लदा मैजिक वाहन, देखते ही देखते आग का गोला बना; दमकलकर्मियों ने संभाला मोर्चा
–झरिया के डिगवाडीह गणेश पूजा मैदान के पास हादसा, ओवरलोड वाहन में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका; वाहन जलकर खाक
धनबाद। धनबाद के झरिया में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बिचाली से लदे एक मैजिक वाहन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन धू-धूकर जलने लगा। घटना जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के डिगवाडीह गणेश पूजा मैदान के पास हुई। आग की भयावह लपटें देखकर आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
कुछ ही मिनटों में आग का गोला बना वाहन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मैजिक वाहन पर बिचाली लदी हुई थी और वाहन ओवरलोड था। इसी दौरान अचानक वाहन में आग लग गई। शुरुआत में लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और पूरे वाहन में फैल गईं। इसके बाद स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
दमकल टीम ने पहुंचकर पाया आग पर काबू
सूचना मिलते ही दमकल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया, लेकिन तब तक मैजिक वाहन जलकर पूरी तरह खाक हो चुका था। अग्निशमन विभाग के कर्मचारी संजय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी थी। वाहन में बिचाली लदी हुई थी और आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है।
ओवरलोडिंग भी बन सकती है खतरे की वजह
घटना के बाद वाहन में क्षमता से अधिक सामान लादने को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। संबंधित अधिकारी ने बताया कि ज्यादा सामान लोड करने से वाहन की ऊंचाई निर्धारित सीमा से अधिक हो जाती है। इससे सड़क पर आवागमन के दौरान जोखिम बढ़ सकता है। इस घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन बीच सड़क पर वाहन में लगी आग ने एक बार फिर ओवरलोडिंग और वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

