गाय-बछड़ों की चोरी कर बूचड़खाने पहुंचाने वाला गिरोह बेनकाब, 6 गिरफ्तार; XUV समेत 4 वाहन और 4 गोवंश बरामद
राँची।राजधानी राँची के नामकुम थाना क्षेत्र में मवेशी चोरी के एक संगठित गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य गाय और बछड़ों की चोरी कर उन्हें अवैध तरीके से बूचड़खाने ले जाते थे। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी में इस्तेमाल की जा रही एक XUV, बुलेट, पल्सर और स्कूटी समेत चार गोवंशीय पशु बरामद किए गए हैं।
मामला नामकुम थाना कांड संख्या 282/26, दिनांक 7 अक्टूबर 2026 से जुड़ा है। कांटाटोली के कुरैशी मोहल्ला निवासी इरशाद कुरैशी ने पुलिस को आवेदन देकर बताया था कि सामलौंग पुरानी लोवाडीह इलाके से उनकी गाय और बछड़े को XUV वाहन JH01BN-7798 में लोड कर चोरी कर लिया गया है।मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के निर्देशन और डीएसपी मुख्यालय-1 के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी कर गिरोह के छह सदस्यों को दबोच लिया।
पूछताछ में गिरोह को लेकर बड़ा खुलासा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे गिरोह बनाकर गाय और बछड़ों की चोरी करते थे और उन्हें अवैध तरीके से बूचड़खाने ले जाकर गोमांस बेचने का काम करते थे।पुलिस के मुताबिक, 7 अक्टूबर को पुरानी लोवाडीह चौक के पास से भी गोवंशीय पशुओं की चोरी की गई थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक गाय और तीन बाछी समेत कुल चार गोवंशीय पशु बरामद किए हैं।
ये छह आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में मो. शहनवाज उर्फ सन्नी (27), अमन कुरैशी (26), सैफ (29), अलताफ कुरैशी (26), शोयेब अहमद (21) और फिरोज कुरैशी उर्फ कुकु (50) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, सैफ और फिरोज कुरैशी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है।
चार वाहन जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—
एक XUV वाहन संख्या JH01BN-7798
एक बुलेट बाइक संख्या JH01CW-1008
एक पल्सर मोटरसाइकिल संख्या JH01FS-6583
एक स्कूटी संख्या JH01DC-0524
एक गाय और तीन बाछी बरामद कर जब्त किया है।
पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। कार्रवाई में डीएसपी मुख्यालय-, थाना प्रभारी रामनारायण सिंह समेत नामकुम थाना की पुलिस टीम और सशस्त्र बल शामिल रहे।

