बाइक की टक्कर से 7 साल की बच्ची की मौत, गुस्से में सड़क पर उतरे ग्रामीण; चार घंटे पिठोरिया-राँची मार्ग जाम

 

राँची।जिले के पिठोरिया थाना क्षेत्र के केला बगान के पास हुए सड़क हादसे में सात वर्षीय बच्ची की मौत के बाद गुरुवार को ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर दिखा। हादसे से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने पिठोरिया-राँची मुख्य मार्ग को करीब चार घंटे तक जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने आरोपी बाइक चालक की गिरफ्तारी के साथ मृतक बच्ची के परिजनों को मुआवजा और सड़क पर सुरक्षा के इंतजाम की मांग की।

दरअसल, बुधवार शाम करीब 7:30 बजे केला बगान के समीप माहिरा कुमारी (7), पिता अमित प्रजापति, सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई थी। बताया गया कि बाइक संख्या जेएच-07जी-1360 की चपेट में आने से बच्ची को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल कांके जनरल हॉस्पिटल पहुंचाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद बच्ची को सिनर्जी ग्लोबल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के बाद बाइक चालक मौके पर ही बाइक छोड़कर फरार हो गया। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया और इलाके के लोगों में आक्रोश फैल गया। गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और कार्रवाई की मांग को लेकर मार्ग को जाम कर दिया।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने चार सूत्री मांगें रखीं। इनमें आरोपी बाइक चालक की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा, सड़क पर स्पीड ब्रेकर का निर्माण और वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए स्पीड लिमिट साइन बोर्ड लगाने की मांग प्रमुख रही।सड़क जाम होने से पिठोरिया-राँची मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का कहना था कि इस सड़क पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है, इसलिए तत्काल सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए।

सूचना मिलने के बाद पिठोरिया पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद करीब चार घंटे बाद सड़क जाम हटाया गया और यातायात सामान्य हो सका।

error: Content is protected !!