8वीं की छात्रा अचानक हुई लापता, दिल्ली ले जाने की आशंका; सहेली पर बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप
–बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र के नीमटांड़ की घटना, फोन पर लगातार जा रही घंटी लेकिन नहीं मिल रहा जवाब, परिजनों ने जताई मानव तस्करी या अनहोनी की आशंका
राँची।राँची के बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र अंतर्गत नीमटांड़ से आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।छात्रा को नौकरी का प्रलोभन देकर बहला-फुसलाकर दिल्ली या लखनऊ ले जाए जाने की आशंका जताई गई है।मामले में छात्रा के पिता की लिखित शिकायत पर बीआईटी मेसरा ओपी पुलिस ने एक अज्ञात युवती के विरुद्ध बहला-फुसलाकर भगाने की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मां काम से लौटी तो गायब मिली बेटी, काफी खोजबीन के बाद भी नहीं मिला सुराग
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, नीमटांड़ निवासी पीड़ित ने बताया कि उनकी 14 वर्षीय पुत्री नीमटांड़ स्थित एक स्कूल में 8वीं की छात्रा है। 27 सितंबर 2026 की शाम करीब 4:00 बजे वह घर से किसी को बिना कुछ बताए कहीं चली गई।छात्रा की मां, जो खेलगांव के पास स्थित ओरिएंट क्राफ्ट में काम करती हैं, जब शाम को ड्यूटी से घर लौटीं तो देखा कि बेटी घर पर नहीं है।इसके बाद परिजनों ने आसपास के पड़ोसियों और रिश्तेदारों से काफी पूछताछ व खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
मोबाइल पर बज रही घंटी, लेकिन कॉल नहीं हो रहा रिसीव
परिजनों के अनुसार, छात्रा अपने साथ पिता के नाम पर रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर भी ले गई है।जब भी उस नंबर पर कॉल किया जा रहा है तो फोन पर घंटी बज रही है, लेकिन कोई कॉल रिसीव नहीं कर रहा है।इससे परिजन किसी अनहोनी या अनैतिक गिरोह के चंगुल में फंसने की आशंका से बेहद भयभीत हैं।
‘दिल्ली-लखनऊ में नौकरी लगवा दूंगी’… सहेली पर साजिश का आरोप
पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि कुछ दिन पहले ही बेटी ने घर में बातचीत के दौरान जिक्र किया था कि उसकी एक एक सहेली है, जो दिल्ली में काम करती है।उससे कहा था कि वह उसे भी दिल्ली या लखनऊ ले जाकर नौकरी लगवा देगी।पिता ने आशंका जताई है कि इसी कथित सहेली ने नाबालिग छात्रा को अच्छी नौकरी का लालच देकर और बहला-फुसलाकर घर से भगाया है।

