परीक्षा धांधली-जालसाजी मामले में आरोपी विवेकानंद महापात्र फरार, कोर्ट ने जारी किया इश्तेहार
-जगन्नाथपुर थाना में दर्ज एक केस में फरार चल रहे आरोपी के घर चस्पा होगा नोटिस, एसएसपी कार्यालय ने आम लोगों से मांगी सूचना
राँची।जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षा से जुड़ी धांधली, धोखाधड़ी और जाली दस्तावेज तैयार करने के मामले में नामजद आरोपी विवेकानंद महापात्र के खिलाफ अदालत ने शिकंजा कस दिया है।लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे और फरार चल रहे आरोपी के विरुद्ध राँची सिविल कोर्ट के न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 82 के अंतर्गत उद्घोषणा (इश्तेहार) जारी किया है। अदालती प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब पुलिस आरोपी के ओडिशा स्थित पैतृक आवास पर विधिवत नोटिस चस्पा करेगी।निर्धारित समयावधि में अदालत या जांच अधिकारी के समक्ष हाजिर न होने पर पुलिस द्वारा संपत्ति कुर्क (धारा 83) की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
वारंट के बाद भी था फरार, अब कोर्ट में हाजिर होने का अंतिम मौका
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी विवेकानंद महापात्र मूल रूप से ओडिशा के खोर्दा जिले के भरतपुर थाना अंतर्गत ग्राम व पोस्ट घाटीकिया का निवासी है। जगन्नाथपुर थाना में दर्ज केस के अनुसंधान के दौरान गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बावजूद वह लगातार अपने पते से फरार और भूमिगत चल रहा था पुलिस की रिपोर्ट पर संज्ञान लेते हुए न्यायालय ने यह उद्घोषणा जारी की है कि आरोपी निर्धारित प्रक्रिया के तहत अदालत के समक्ष उपस्थित होकर अपने ऊपर लगे आरोपों का जवाब दे
गंभीर धाराओं में दर्ज है मामला
आरोपी विवेकानंद महापात्र पर परीक्षा की निष्पक्षता से खिलवाड़ करने, साजिश रचने और फर्जी दस्तावेज तैयार करने के गंभीर आरोप हैं।उसके विरुद्ध जगन्नाथपुर थाने में आईपीसी की धाराएं 467 (मूल्यवान सुरक्षा की जालसाजी), 468 (धोखाधड़ी के उद्देश्य से जालसाजी), 471 (फर्जी दस्तावेज को असली के रूप में इस्तेमाल करना), 420 (धोखाधड़ी) और 120बी (आपराधिक षड्यंत्र) व कंडक्ट ऑफ एग्जामिनेशन एक्ट 2001 की धारा 10 के तहत मामला दर्ज है।
राँची पुलिस ने आमजन से की सहयोग की अपील
वरिय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय,राँची ने आम सूचना जारी करते हुए सर्वसाधारण से अपील की है कि यदि उक्त प्राथमिक अभियुक्त विवेकानंद महापात्र कहीं भी देखा जाता है या उसके ठिकाने के बारे में कोई सुराग मिलता है, तो तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें
पुलिस उपाधीक्षक, हटिया, रांची: 9431706143
थाना प्रभारी, जगन्नाथपुर, रांची: 9431706169

