ट्रेलर बरामद हुआ तो मालिक ने चालक को माफ किया, वापसी के पैसे नहीं थे तो पुलिस ने निभाई इंसानियत
सरायकेला। ट्रेलर गायब होने की शिकायत लेकर 150 किलोमीटर बाइक चलाकर थाने पहुंचे एक ट्रेलर मालिक की परेशानी को सरायकेला पुलिस ने महज शिकायत दर्ज कर खत्म नहीं किया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और मालिक को साथ लेकर बिहार के पटना तक पहुंच गई। वहां चालक के घर की घेराबंदी कर ट्रेलर बरामद किया गया।लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। ट्रेलर लेकर वापस लौट रहे मालिक के सामने जब डीजल भराने तक के पैसे की समस्या खड़ी हुई तो सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार ने अपनी ओर से 10 हजार रुपये की आर्थिक मदद कर दी। पुलिस की कार्रवाई और मानवीय पहल से भावुक ट्रेलर मालिक ने कहा-“हमें नहीं मालूम था कि पुलिस ऐसी भी होती है।”
सीनी मोड़ पर ट्रेलर छोड़ इंजन लेकर घर चला गया चालक
मिली जानकारी के अनुसार, 30 सितंबर को ओडिशा के जोड़ा से आयरन ओर लोड कर एक ट्रेलर अमलगम स्टील के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में चालक ने सीनी मोड़ स्थित फौजी ढाबा के पास ट्रेलर खड़ा कर दिया और उसका इंजन लेकर बिहार स्थित अपने गांव चला गया।ट्रेलर मालिक मनोज कुमार महतो को जब इसकी जानकारी मिली तो वह करीब 150 किलोमीटर बाइक चलाकर सरायकेला थाना पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी विनय कुमार को पूरी घटना बताई। थाना प्रभारी ने तत्काल मामले की जानकारी एसपी मनोज स्वर्गियारी को दी।एसपी के निर्देश पर सब इंस्पेक्टर सुभाष शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम बिहार के लिए रवाना हुई। ट्रेलर मालिक मनोज कुमार महतो भी पुलिस टीम के साथ पटना पहुंचे।
पुलिस को देखते ही तालाब में कूदा चालक
पुलिस को जानकारी मिली कि चालक धनरुआ थाना क्षेत्र स्थित अपने गांव में है। स्थानीय पुलिस की मदद से उसके घर पर छापेमारी की गई। पुलिस को देखते ही चालक भागकर तालाब में कूद गया। इसके बाद वह धान के खेत में जाकर छिप गया।
पुलिस ने आसपास के इलाके में उसकी तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान ग्रामीणों ने पुलिस टीम को घेर लिया। पुलिस ने ग्रामीणों को पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस की बात सुनने के बाद ग्रामीण भी उसके साथ हो गए और चालक की तलाश में सहयोग करने लगे।काफी खोजबीन के बाद पुलिस ने चालक को पकड़ लिया।
पूछताछ में बोला- नशे में था, इसलिए घर चला आया
पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि वह नशे की हालत में था। इसी दौरान उसने सीनी मोड़ पर ट्रेलर का डाला छोड़ दिया और इंजन लेकर अपने गांव चला आया।पुलिस ने ट्रेलर बरामद कर उसे उसके मालिक मनोज कुमार महतो को सौंप दिया। हालांकि ट्रेलर मालिक ने चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद चालक को छोड़ दिया गया।
ट्रेलर मिल गया, लेकिन लौटने के लिए नहीं थे पैसे
ट्रेलर बरामद होने के बाद मनोज कुमार महतो उसे लेकर सरायकेला लौटने लगे। लेकिन रास्ते में उनके सामने एक नई परेशानी खड़ी हो गई। ट्रेलर में तेल भराने तक के लिए उनके पास पर्याप्त पैसे नहीं थे।जब इसकी जानकारी थाना प्रभारी विनय कुमार को हुई तो उन्होंने अपनी ओर से 10 हजार रुपये की आर्थिक मदद की। इसके बाद ट्रेलर मालिक अपनी गाड़ी लेकर वापस सरायकेला लौट सके।
इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस की कार्रवाई के साथ उसका मानवीय चेहरा भी सामने आया। ट्रेलर बरामद होने के बाद मनोज कुमार महतो ने एसपी मनोज स्वर्गियारी, थाना प्रभारी विनय कुमार और पूरी पुलिस टीम का आभार जताया।उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि शिकायत के बाद पुलिस इतनी दूर तक जाकर उनका ट्रेलर बरामद कराएगी और लौटने के दौरान आर्थिक परेशानी में भी मदद करेगी।

