JPSC परीक्षा में धांधली पर CID का बड़ा शिकंजा: फर्जीवाड़े से PT पास करने वाला अभ्यर्थी हजारीबाग से गिरफ्तार, भेजा गया जेल

राँची।झारखण्ड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों और कथित अनियमितताओं की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (CID) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीआईडी ने हजारीबाग पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए ‘झारखण्ड संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा-2025’ (विज्ञापन संख्या-01/2026) की प्रारंभिक परीक्षा (PT) में अनुचित साधनों का इस्तेमाल कर सफलता हासिल करने वाले अभ्यर्थी सुमन सौरभ को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
जांच के दौरान परत-दर-परत धांधली का सच सामने आ रहा है। आरोपी अभ्यर्थी सुमन सौरभ के पास से परीक्षा की ओएमआर (OMR) शीट की कार्बन कॉपी तक बरामद नहीं हुई है, जो इस बात की ओर इशारा करती है कि परीक्षा में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई थी। सीआईडी द्वारा की गई कड़ी पूछताछ में आरोपी सुमन सौरभ ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और स्वीकार किया है कि उसने प्रारंभिक परीक्षा पास करने के लिए गैर-कानूनी और अनुचित रास्तों का सहारा लिया था।
यह पूरी कार्रवाई सीआईडी थाना कांड संख्या 16/2026 के तहत किए जा रहे अनुसंधान के क्रम में अमल में लाई गई है। सीआईडी अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच अभी जारी है। जैसे-जैसे नए साक्ष्य और जानकारियां सामने आएंगी, इस पूरे फर्जीवाड़े के सिंडिकेट में शामिल अन्य चेहरों और मददगारों पर भी कानून का शिकंजा कसा जाएगा।

