ओवरटेक करने के दौरान स्कूल बस की चपेट में आया स्कूटी सवार, युवक के सिर पर चढ़ा बस का चक्का,मौके पर दर्दनाक मौत,सड़क जाम

 

पाकुड़।झारखण्ड के पाकुड़ जिले में पाकुड़-दुमका मेनरोड पर गांधी चौक के समीप सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। युवक की पहचान 22 साल के मृदुल मृदु चंद्र के रूप में हुई है। युवक को डीपीएस स्कूल के बस ने अपनी चपेट में ले लिया।मिली जानकारी के अनुसार डीपीएस स्कूल की बस रेलवे फाटक की ओर से हिरण चौक की दिशा में जा रही थी।इसी दौरान स्कूटी सवार युवक ने बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया। ओवरटेक करते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे बस के पिछले पहिए के नीचे गिर पड़ा। बस का पहिया युवक के सिर पर चढ़ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग कुछ देर तक सन्न रह गए।सुबह का समय होने के कारण सड़क पर आवाजाही अपेक्षाकृत कम थी, लेकिन हादसे की खबर फैलते ही आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग गांधी चौक पर जमा हो गए। स्कूल बस में कई बच्चे सवार थे। हादसे के बाद घबराए बच्चों को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित उतारकर दूसरी व्यवस्था से स्कूल भेजा गया।घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक की पहचान में भी पुलिस जुट गई। बताया जा रहा है कि वह डिलिवरी बॉय का काम करता था। लोगों के जमा होने की वजह से मेनरोड पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।आसपास के लोगों के अनुसार मृतक युवक नगर थाना क्षेत्र का ही निवासी था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। यह हादसा ऐसे समय में हुआ है, जब परिवहन विभाग सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है।इसके बावजूद दोपहिया वाहन चालक हेलमेट का प्रयोग नहीं कर रहे हैं, जो जानलेवा साबित हो रहा है। वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह के समय भीड़ कम रहने के कारण कई स्कूल बसें तेज गति से चलती हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।सड़क दुर्घटना में मारे गए युवक के परिजनों सहित स्थानीय लोगों ने मुआवजा देने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया है। मौके पर अंचल अधिकारी अरविंद बेदिया, नगर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता सदल बल पर पहुंचकर लोगों को समझने का प्रयास कर रहे हैं।

 

error: Content is protected !!