राँची पुलिस की नशे के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 तस्करों को गिरफ्तार किया…
राँची।राजधानी राँची की पुलिस ने मादक पदार्थों के संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।कांके और बरियातू थाना क्षेत्रों में लगातार दो दिनों तक चली छापेमारी में पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। भारी मात्रा में ब्राउन शुगर, गांजा, कफ सिरप और नकदी भी बरामद की गई है।एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर हाल के दिनों में जिला पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चला रही है। इसी क्रम में 23 और 24 नवंबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कांके और बरियातू थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर, गांजा और नशीली दवाओं की अवैध खरीद-फरोख्त की जा रही है।
सूचना की पुष्टि के बाद एसएसपी के निर्देश पर दो अलग-अलग छापेमारी दल गठित किए गए, एक टीम का नेतृत्व डीएसपी प्रथम अमर पांडेय कर रहे थे, जबकि दूसरी टीम डीएसपी सदर संजीव कुमार बेसरा के नेतृत्व में काम कर रही थी।कांके थाना क्षेत्र में IICM के पास मैदान में छापेमारी के दौरान चार लोग पकड़े गए।इनके पास से 50 ग्राम ब्राउन शुगर, 1 किलो गांजा, मोबाइल फोन, पैकिंग मेटेरियल, लाइटर, दो ऑटो और एक स्कूटी बरामद की गई है।
जिसके बाद चारों की निशानदेही पर पुलिस ने जयपुर कोंगे में सैयद समीर के घर छापेमारी की, यहां से 105 ग्राम ब्राउन शुगर, 1.6 किलो गांजा, 1 लाख 81 हजार से ज्यादा नकदी, डिजिटल वेट मशीन, एल्यूमिनियम फॉयल और अन्य सामग्री बरामद की गई।इस दौरान पुलिस ने समीर और उसकी पत्नी बेबी परवीन को गिरफ्तार किया। दरअसल, बेबी परवीन का पहले भी 2013 में NDPS मामले में आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।पूछताछ के आधार पर पुलिस ने ओमनगर, गांधी नगर में दीपक कुमार के घर से 50 ग्राम ब्राउन शुगर, 60 हजार रुपये नकद और दूसरे नशे से जुड़ी सामग्री बरामद की है।
इधर, दीपक कुमार ने खुलासा किया है कि यह पूरा नेटवर्क पटना के बिहटा से जुड़े सप्लायर राजू कुमार के माध्यम से संचालित होता था। कांके क्षेत्र से कुल 8 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं और पुलिस दूसरे लोगों की तलाश में जुटी है। बरामद ब्राउन शुगर और गांजा की कुल बाजार कीमत लगभग 21 लाख 50 हजार रुपये आंकी जा रही है।
इधर, बरियातू थाना क्षेत्र के हरिहर सिंह मोड़ स्थित झोपड़पट्टी में छापेमारी के दौरान टूंटू कुमार साव और लिच्चू महतो को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया। इनके पास मिले कार्टन से 20 बोतल नशीले कफ सिरप बरामद हुए हैं।दोनों ने स्वीकार किया है कि यह कफ सिरप, वे बोरिया निवासी धीरज कुमार से खरीदते थे और नशे के आदि लोगों को ऊंची कीमत पर बेचते थे।औषधि निरीक्षक की पुष्टि के बाद यह कफ सिरप प्रतिबंधित श्रेणी में पाया गया है।पुलिस ने दोनों मामलों में NDPS एक्ट और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।पूरे गिरोह के दूसरे सदस्यों की तलाश जारी है और छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा।

