8वीं की छात्रा ने की आ’त्महत्या…माँ ने कहा- टीचर के टॉर्चर से थी परेशान, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले में 8वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना शुक्रवार शाम की है। मृतका की माँ ने स्कूल के शिक्षक पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। वहीं, शनिवार को मृतका के परिजन और ग्रामीण स्कूल पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया।हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस स्कूल पहुंची और आरोपी शिक्षक सत्येंद्र यादव को हिरासत में ले लिया। मृतका की माँ का आरोप है कि स्कूल के पारा शिक्षक सत्येंद्र यादव उनकी बेटी को गलत तरीके से छूते थे। गलत शब्द के प्रयोग करने से वह आहत रहती थी। इसी कारण उसने यह कदम उठाया।
माँ के बताया कि शिक्षक के प्रताड़ना के कारण बेटी पिछले दो-तीन दिनों से परेशान थी और ट्यूशन भी नहीं जा रही थी। उसने इसकी जानकारी मुझे दी थी। बेटी 900 रुपए लेकर स्कूल गई थी तो टीचर ने गलत तरीके से पैसे के बारे में पूछा था। शुक्रवार को मैं स्कूल पहुंची और शिक्षक से इस संबंध में बात की तो उन्होंने मेरे साथ गाली-गलौच किया। शाम को वापस घर गई तो बेटी ने सुसाइड कर लिया था।
इधर, घटना के बाद शनिवार को मुखिया समेत स्थानीय ग्रामीण व परिजन स्कूल पहुंचे और वहां हंगामा शुरू कर दिया। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार महतो स्कूल पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की।
थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस अन्य पहलुओं पर भी अनुसंधान कर रही है। साथ ही प्रेम प्रसंग के एंगल से भी मामले की जांच की जा रही है। पुलिस पारा टीचर सत्येंद्र यादव को हिरासत में लेकर थाना ले आई है।
इधर, पंचायत के मुखिया सुरेंद्र उरांव ने कहा कि परिजनों द्वारा छात्रा के साथ प्रताड़ना करने की बात कही जा रही है। मामला क्या है, यह जांच का विषय है।वहीं, आरोपी पारा शिक्षक सत्येंद्र यादव का कहना है कि बच्ची द्वारा स्कूल में पैसा लाया गया था। उसी संबंध में पूछताछ की गई है। परिजनों द्वारा जो आरोप लगाया गया है, वह पूरी तरह गलत है।

