Ranchi:पंडरा थाना में तोड़फोड़ करने वाले 8 उपद्रवी गिरफ्तार..2 महिला भी शामिल
राँची।राजधानी राँची के पंडरा ओपी थाना में तोड़फोड़ करने के मामले में राँची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।थाना में हंगामा और तोड़फोड़ करने वाले दो महिला सहित 8 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार उपद्रवियों में चंदन कुमार (पंडरा निवासी), महेश साव (मांडर निवासी), दिनेश राय (रातू निवासी), कुणाल यादव (पंडरा निवासी) कुंदन कुमार यादव (पंडरा निवासी), अनमोल जयसवाल (फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी) समेत 2 महिलाओं को भी गिरफ्तार किया है। इसमें मीणा देवी और प्रिया कुमारी दोनों पंडरा निवासी शामिल है।
बता दें कल शनिवार की रात को पंडरा ओपी थाना में बड़ा बवाल हो गया था। काफी संख्या में लोगों ने पंडरा थाने में अचानक हमला बोल दिया था। इस उपद्रव में थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मियों को भी गंभीर चोट आई है।
दरअसल,मामला एक हफ्ते पहले का है,जहां एक सड़क हादसे में एक युवक उत्तम कुमार घायल हो गए थे। जिसके बाद उनका इलाज राँची के एक अस्पताल में चल रहा था।मामला बीते रविवार (14 सितंबर) की है।एक ट्रेलर ने पंडरा थाना क्षेत्र उत्तम कुमार को टक्कर मार दी थी। जिसके बाद राँची में इलाज के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई। मौत से आक्रोशित परिजन शनिवार देर शाम सड़क जाम करने के लिए पहुंचे और मुआवजे की मांग की।
वहीं सड़क जाम की सूचना मिलते ही डीएसपी प्रकाश सोय सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुँचे और किसी तरह भीड़ को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद वहां से भीड़ को हटाया गया लेकिन कुछ ही देर में दोबारा भीड़ इकट्ठा हुई और बवाल शुरू हो गया मामला फिर बिगड़ गया और लोगों थाने पर हमला बोल दिया।डीएसपी ने बताया कि कुछ उपद्रवियों के उकसाने पर भीड़ ने थाना में तोड़फोड़ की।
इधर रविवार को प्रेसवार्ता में घटना की जानकारी देते हुए सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि सड़क जाम हटवाने के बाद भीड़ थाने पहुंची थी, जिसके बाद भीड़ को वहां से समझाकर वापस भेजा गया। लेकिन कुछ ही देर बाद एक बार फिर से कुछ उपद्रवी पहुंचे और थाने पर हमला बोल दिया। जिसमें थाना प्रभारी मनीष गुप्ता के सिर पर हमला किया गया जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद उन्होंने थाने में तोड़फोड़ शुरू कर दी। और पुलिस की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।थाना परिसर में काफी तोड़फोड़ की गई।उसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाई और आठ उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है।अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

