झारखण्ड के 6 मजदूर सहित 7 मजदूरों की गुरुग्राम में मौत, कंस्ट्रक्शन साइट में मिट्टी धंसने से हुआ हादसा…
राँची। हरियाणा के गुरुग्राम में सिग्नेचर ग्लोबल सोसायटी (Signature Global Society) की कंस्ट्रक्शन साइट पर मिट्टी धंसने से 7 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 4 घायल हैं। मरने वालों में 6 झारखण्ड के रहने वाले थे। वहीं एक राजस्थान का रहने वाला था।
इन मजदूरों की हुई मौत:
-शिवशंकर निवासी बनिहारा पूर्वी सिंहभूम झारखण्ड
-परमेश्वर महतो निवासी होन्डई पूर्वी सिंहभूम झारखण्ड
-मंगल मेहटो निवासी हाथी बिन्दा पूर्वी सिंहभूम झारखण्ड
-भागीरथ गोपे निवासी पोहिता, जमशेदपुर झारखण्ड
-सतीश निवासी बुरका जडथल नगर, भरतपुर राजस्थान
-संजीव गोपे निवासी पोहिता, जमशेदपुर झारखण्ड
-धनंजय मेहटो निवासी होन्डई पूर्वी सिंहभूम झारखण्ड
कैसे हुआ हादसा?
यह घटना सोमवार रात को सिधरावली क्षेत्र में सिग्नेचर ग्लोबल सोसायटी की निर्माणाधीन साइट पर हुई, जहां सोसायटी के पिछले हिस्से में कई दिनों से बेसमेंट खोदाई का काम चल रहा था। इसमें 25 से ज्यादा श्रमिक लगे हुए थे।
पुलिस के अनुसार, सोमवार देर शाम सभी श्रमिक बेसमेंट में खोदाई के दौरान मिट्टी हटा रहे थे, तभी अचानक भर-भराकर पड़ोस की मिट्टी की दीवार ढह गई। इसमें 11 श्रमिक दब गए। वहीं, कुछ मजदूर भागने में सफल हुए, तो कुछ को तुरंत बाहर निकाल लिया गया। लोगों ने तुरंत इस घटना की सूचना बिलासपुर पुलिस को दी।हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस के साथ State Disaster Response Force (SDRF) और National Disaster Response Force (NDRF) की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, जो देर रात करीब 3:30 बजे तक जारी रहा।सभी को मिट्टी से निकालने के बाद भिवाड़ी के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 7 श्रमिकों को मृत घोषित कर दिया। अभी 4 श्रमिकों का इलाज जारी है।
हादसे में घायल श्रमिक:
इन्द्रजीत, निवासी नेपाल
छोटेलाल, निवासी नेपाल
शिवकाम चौधरी, निवासी नेपाल
दीनदयाल शर्मा, निवासी बांदीकुई

