लातेहार:कुख्यात अपराधी राहुल दुबे गिरोह के 6 गुर्गे गिरफ्तार, कोयला साइडिंग पर मचा रखा था आतंक

 

लातेहार।झारखण्ड के लातेहार पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के 6 अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया।इन अपराधियों के द्वारा लातेहार जिले के विभिन्न कोयला साइडिंग में गत दिनों अगलगी की घटना को अंजाम दिया गया था।गिरफ्तार अपराधियों में हजारीबाग निवासी बालेश्वर कुमार और शंकर महतो,राँची निवासी बबलू कुमार, लातेहार निवासी मनोज कुमार साहू बालूमाथ निवासी मुकेश कुमार और बरवाडीह निवासी सागर कुमार शामिल हैं।पुलिस ने उनके पास से एक पिस्टल और गोलियां भी बरामद की हैं।दरअसल राहुल दुबे गिरोह द्वारा लातेहार जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र में स्थित कोयला साइडिंग इलाके में जाकर ट्रकों में आग लगा दी जा रही थी।इन अपराधियों के द्वारा जिले में तीन अलग-अलग थाना क्षेत्र में इस प्रकार की घटना को अंजाम दिया गया था। घटना के बाद लातेहार एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर पुलिस की एक टीम गठित की गई और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई आरंभ की गई।

एसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने वैज्ञानिक पद्धति से मामले की छानबीन आरंभ करते हुए आरोपियों को चिन्हित किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने हथियार और गोलियां भी बरामद की हैं। पूछताछ के क्रम में सभी अपराधियों ने स्वीकार किया कि उनके द्वारा ही इस प्रकार की घटना को अंजाम दिया जा रहा था।

एसपी ने कहा कि गिरफ्तार अपराधियों की जब पूरी छानबीन की गई तो उनके फोन में एक विशेष प्रकार का एप मिला। पूछताछ के क्रम में अपराधियों ने बताया कि इस विशेष प्रकार के एप का प्रयोग उन लोगों के द्वारा आपस में बातचीत के लिए किया जाता था।किसी भी घटना को अंजाम देने से पहले इसी के माध्यम से बातचीत होती थी और योजनाएं तैयार होती थी।उसके बाद तय कार्यक्रम के अनुसार घटना को अंजाम दिया जाता था। पूरी घटना की योजना राहुल दुबे तथा उसके गैंग के अन्य लोग बनाते थे।

शनिवार को प्रेस वार्ता करते हुए एसपी कुमार गौरव ने कहा कि गिरफ्तार अपराधियों के द्वारा ही कोयला साइडिंग में इस प्रकार की घटना को अंजाम दिया जा रहा था।उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में से बालेश्वर कुमार और शंकर महतो, अमन साव गिरोह के भी सदस्य रह चुके हैं।इनके खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।एसपी ने कहा कि इन अपराधियों के द्वारा युवाओं को पैसे की लालच देकर अपराध की ओर अग्रसर किया जा रहा था। एसपी ने युवकों से अपील की है कि पैसे के लालच में आपराधिक घटनाओं में शामिल न हों। क्योंकि इससे उनकी जिंदगी खराब होगी। कानून की गिरफ्त से कोई भी अपराधी बच नहीं सकता।

अपराधियों की गिरफ्तारी में डीएसपी विनोद रवानी, पुलिस इंस्पेक्टर परमानंद बिरुवा, थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार, बरियातू थाना प्रभारी रंजन पासवान, सब इंस्पेक्टर अनुभव सिन्हा, जितेंद्र कुमार, निर्मल कुमार मंडल, अमित कुमार रविदास, गौतम कुमार, अजीत कुमार, श्रवण कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

error: Content is protected !!