लातेहार में वाहन जांच के दौरान एक कार में मिला 40 लाख कैश…जांच में जुटी है पुलिस..

 

लातेहार।झारखण्ड में नगर निकाय चुनाव को लेकर जारी आदर्श आचार संहिता के तहत लातेहार पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक कार से 40 लाख से अधिक नगद बरामद किए गए।उक्त पैसे गाड़ी में एक बैग में रखा गया था। मामले की जानकारी होने के बाद पैसों को जब्त कर लिया गया है और जांच की जा रही है। लातेहार एसपी कुमार गौरव ने इसकी पुष्टि की और कहा कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।नगर निकाय चुनाव को लेकर शहरी इलाकों में आदर्श आचार संहिता लागू कर दिया गया है।आदर्श आचार संहिता को पूरी तरह पालन करवाने को लेकर जिला प्रशासन के द्वारा शहरी इलाके में कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच की जा रही है। बुधवार की देर शाम में गाड़ियों की जांच की जा रही थी।इसी दौरान एक कार वहां पहुंची। जब गाड़ी की तलाशी ली गई तो उसमें एक बैग बरामद हुआ। जिसमें 40.20 लाख रुपए नगद रखे हुए थे। बैग में 500, 200, 100 और 50 के नोटों की गड्डी थी।इसकी सूचना जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पैसे को पुलिस ने जब्त कर लिया।

इस संबंध में लातेहार एसपी कुमार गौरव ने बताया कि आदर्श आचार संहिता को लेकर शहरी इलाके में वाहन चेकिंग अभियान चलाई जा रहा है। इसी क्रम में जांच के दौरान एक वाहन से पैसे मिले हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है कि आखिर पैसे कहां से आए थे और इसे कहां ले जाया जा रहा था? जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एसपी ने कहा है कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन हुआ तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि प्रशासन का एकमात्र लक्ष्य है कि नगर निकाय का चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराया जाए।उन्होंने आम लोगों तथा प्रत्याशियों से भी अनुरोध किया है कि आदर्श आचार संहिता का पूरी तरह पालन करें।

एसपी ने बताया कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद 49 हजार रुपए से अधिक की राशि किसी व्यक्ति के पास पकड़े जाने पर यह मामला आदर्श आचार संहिता के तहत जांच के दायरे में आता है। यदि कोई परिवहन करता है तो उसे उक्त पैसे का प्रमाण दिखाना होगा। यदि पैसे बैंक से निकाले गए हैं तो बैंक का अकाउंट स्टेटमेंट प्रमाण के रूप में दिखाना होगा। साथ ही यह भी बताना होगा कि पैसे को किस उपयोग के लिए ले जा रहे हैं। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि आदर्श आचार संहिता के नियमों का पालन करें।

error: Content is protected !!