लुटेरी दुल्हन:शादी के 20 दिनों बाद हुई फरार पत्नी, लाखों के जेवरात गायब

 

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले में रहने वाले महाराष्ट्र के पुणे के एक जेवर कारीगर गणेश्वर की नई-नवेली दुल्हन शादी के मात्र 20 दिन बाद लाखों रुपये के सोने के जेवरात और 90 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गई।इस घटना ने पलामू के मेदिनीनगर टाउन को चर्चा का केंद्र बना दिया है।पीड़ित दूल्हे ने मेदिनीनगर टाउन थाने में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई है, और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुणे के रहने वाले गणेश्वर पलामू के मेदिनीनगर टाउन में एक सर्राफा व्यवसायी के यहां जेवर बनाने का काम करते है।करीब 20 दिन पहले उनकी शादी महाराष्ट्र के लातूर की एक युवती से हुई थी। शादी के बाद दंपती मेदिनीनगर में साथ रह रहा था। गणेश्वर ने बताया कि शुक्रवार को जब वह काम से घर लौटा, तो पत्नी घर पर नहीं थी।साथ ही घर में रखे लाखों रुपये के सोने के जेवरात और 90 हजार रुपये नकद भी गायब थे। कई जेवरात ग्राहकों के थे, जो उनके पास रखे हुए थे।

गणेश्वर ने पुलिस को बताया कि शादी से एक दिन पहले उनकी पत्नी के कथित बॉयफ्रेंड का फोन आया था, जिसने उन्हें शादी न करने की चेतावनी दी थी। हालांकि, उनकी पत्नी ने ऐसे किसी संबंध से इनकार किया था, और शादी संपन्न हो गई थी। गणेश्वर को शक है कि उनकी पत्नी अपने बॉयफ्रेंड के पास भाग गई है।सीसीटीवी फुटेज में उनकी पत्नी एक अटैची लेकर जाते हुए दिखाई दी है।

मेदिनीनगर टाउन थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, और पुलिस पूरे मामले की गहन छानबीन कर रही है। सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ-साथ अन्य सुरागों के आधार पर फरार दुल्हन की तलाश की जा रही है।

इस घटना ने मेदिनीनगर में हलचल मचा दी है।स्थानीय लोग इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।गणेश्वर की मानें तो यह उनके लिए आर्थिक और भावनात्मक दोनों तरह का बड़ा झटका है।पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मामले का खुलासा होगा और दोषी को पकड़ा जाएगा।

error: Content is protected !!