गोड्डा में पानी की टंकी ढहने से 2 बच्चों की दर्दनाक मौत,3 बच्चे घायल, सभी मासूम नहाने के लिए टंकी के नीचे जमा हुए थे…
गोड्डा।झारखण्ड के गोड्डा जिले के सुंदर पहाड़ी थाना क्षेत्र के डाहुबेड़ा गांव में दर्दनाक हादसा हो गया। लगभग 30 साल पुरानी सीमेंट की पानी की टंकी अचानक गिर गई। जिससे टंकी के नीचे नहा रहे पांच बच्चे मलबे में दब गए।स्थानीय लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और बच्चों को बाहर निकालने की कोशिश करने लगे। टंकी के गिरने से दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान 5 वर्षीय मेशा नंद पहाड़िया और 6 वर्षीय धर्मेंद्र पहाड़िया के रूप में हुई है। घायलों में 4 वर्षीय चंदन पहाड़िया, 5 वर्षीय मेशा पहाड़िया और 5 वर्षीय गोरव पहाड़िया शामिल हैं। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने बच्चों को मलबे से बाहर निकाला और तुरंत सदर अस्पताल भेजा।
चिकित्सकों ने दो बच्चों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक गंभीर घायल को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बताया गया कि सभी बच्चे नहाने के लिए टंकी के नीचे जमा हुए थे, तभी यह हादसा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही सुंदर पहाड़ी थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। गोड्डा उपायुक्त अंजली यादव और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने सदर अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और परिजनों से बातचीत की।
उपायुक्त ने बताया कि टंकी गिरने से दो बच्चों की मौत हुई है और तीन घायल हैं, जिनका इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि हादसे की जांच कराई जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

